नूंह के बाल मनोरंजन मेले में टिकट विवाद को लेकर पटाकपुर और नकनपुर गांव के लोगों के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस जांच कर रही है।
सोनू वर्मा, नूंह। शहर के बड़कली रोड स्थित बाल मनोरंजन मेले में रात एक बार फिर हिंसा भड़क उठी। टिकट को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते दो पक्षों के बीच खूनी झड़प में बदल गया। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले, जिससे मेले में अफरा-तफरी मच गई। महिलाओं और बच्चों सहित सैकड़ों लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पटाकपुर और नकनपुर गांव के लोगों के बीच टिकट को लेकर कहासुनी हुई थी। कुछ ही मिनटों में विवाद हिंसक हो गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिससे मेला परिसर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।
पुलिस थाने तक पहुंचा यह विवाद
इस भीषण झड़प में नकनपुर गांव का एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्ष वहां से जा चुके थे। दोनों पक्षों ने सिटी थाना में शिकायत देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले करीब 15 दिनों से चल रहे इस मेले में आए दिन झगड़े और विवाद हो रहे हैं। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से स्थायी पुलिस व्यवस्था या पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं। लोगों का आरोप है कि बार-बार ऐसी हिंसक घटनाएं होने के बाद भी स्थानीय प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।

अश्लील डांस और नियमों का उल्लंघन
मेले को लेकर एक और बड़ा विवाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर भी सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बच्चों के मनोरंजन के नाम पर आयोजित मेले में मंच पर अश्लील डांस प्रस्तुत किए जा रहे हैं, जिससे पारिवारिक माहौल पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा आयोजकों पर निर्धारित समय रात 11 बजे से अधिक देर तक मेला संचालित करने और तेज आवाज में डीजे बजाने का भी आरोप है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं क्योंकि मेले में कई खाने-पीने की दुकानों पर खुलेआम घरेलू गैस सिलेंडरों का खतरनाक इस्तेमाल किया जा रहा है।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे गंभीर सवाल
भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में यह लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है क्योंकि मौके पर न तो अग्निशमन विभाग की गाड़ी तैनात है और न ही एंबुलेंस की व्यवस्था है। इस मामले में जब डीएसपी पुन्हाना दिनेश यादव से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मेले की सुरक्षा व्यवस्था की तत्काल जांच कराने और स्थायी पुलिस बल तैनात करने की मांग की है।

