नूंह : Nuh Brijmandal Yatra School Holiday : जिले में 3 अगस्त को आयोजित होने वाली ब्रजमंडल जलाभिषेक शोभायात्रा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी कर नूंह जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में 3 अगस्त को अवकाश घोषित किया है।

जारी आदेशों के अनुसार, ब्रजमंडल जलाभिषेक शोभायात्रा के दौरान जिले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। यह आदेश जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों पर समान रूप से लागू रहेगा।

गौरतलब है कि ब्रजमंडल जलाभिषेक शोभायात्रा नूंह के नल्हड़ेश्वर महादेव मंदिर से शुरू होकर फिरोजपुर झिरका स्थित झिरकेश्वर महादेव मंदिर और पुन्हाना के श्रृंगेश्वर महादेव मंदिर तक निकाली जाएगी। यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जिले में बड़ी संख्या में पुलिस बल, अर्धसैनिक बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई है ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।

जिला प्रशासन ने अभिभावकों और स्कूल संचालकों से अपील की है कि वे जारी आदेशों का पालन करें और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m