नूंह के छरोड़ा में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर कई वाहनों को टक्कर मारते हुए टाइल शोरूम में जा घुसी। इस दर्दनाक हादसे में टाइल खरीदने आए युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
सोनू वर्मा, नूंह। तावडू सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नूंह रोड स्थित गांव छरोड़ा बस स्टैंड पर बुधवार देर शाम तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होने से भीषण सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित कार ने एक पिकअप, एक मोटरसाइकिल और एक अन्य कार को जोरदार टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे स्थित एक टाइल शोरूम के परिसर में घुस गई। हादसे में कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के दौरान युवक की मौत
घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ पहुंचाया गया। उपचार के दौरान कपिल (पुत्र महेंद्र), निवासी बहरामपुर की मौत हो गई। बताया गया कि कपिल टाइल खरीदने के लिए शोरूम आया था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर शोरूम में घुस गई और वह उसकी चपेट में आ गया।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। पूरी घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार कार पहले सड़क पर चल रहे वाहनों को टक्कर मारती है और फिर सीधे शोरूम के परिसर में घुस जाती है, जिससे वहां खड़े वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाते हैं।
पुलिस जांच व कार्रवाई जारी
सूचना मिलते ही थाना सदर तावडू के प्रभारी राजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एसएचओ राजेश कुमार ने बताया कि हादसे में कार चालक को भी हल्की चोटें आई हैं। उसे भी प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कार की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होना माना जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है। वहीं, मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है तथा अन्य घायलों का उपचार जारी है।


