नूंह जिला पुलिस ने विशेष अभियान के तहत राजस्थान के एक इनामी बदमाश को दबोचा है। पकड़े गए आरोपी पर हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
सोनू वर्मा, नूंह। जिला पुलिस द्वारा वांछित एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए नूंह पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। टीम ने राजस्थान पुलिस द्वारा 5000 रुपये के इनामी घोषित आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के निर्देशानुसार जिले में अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सीआईए नूंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए हाकम पुत्र सकूर खान निवासी लोधिया पट्टी, गांव नई, थाना पुनहाना को गिरफ्तार किया है।
हत्या के प्रयास का मामला
गिरफ्तार आरोपी राजस्थान के अलवर जिले के थाना रामगढ़ में दर्ज एफआईआर में वांछित था। आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रयास सहित राजस्थान बॉर्डर एरिया एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। राजस्थान पुलिस ने उक्त मामले में आरोपी की गिरफ्तारी पर 5000 रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए थाना रामगढ़, जिला अलवर राजस्थान को सौंप दिया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून से बचने का प्रयास करने वाले आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नूंह पुलिस की बड़ी कार्रवाई
इस गिरफ्तारी से दोनों राज्यों की पुलिस के बीच तालमेल और मजबूत हुआ है क्योंकि सीमावर्ती इलाकों में छिपे अपराधियों पर नकेल कसना एक बड़ी चुनौती बना हुआ था। पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने सीआईए टीम की इस सफलता पर पूरी टीम की पीठ थपथपाई है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस तत्परता की सराहना की है जिससे पुनहाना और आसपास के ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा का माहौल बेहतर होगा और अपराधियों में कानून का खौफ पैदा होगा।

