नूंह। हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह शनिवार को नूंह के खेड़ला स्थित सद्भावना मंडप पहुंचे। यहां जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से कार्यकर्ता संवाद बैठक आयोजित की गई। बैठक में नूंह विधायक चौधरी आफताब अहमद, फिरोजपुर झिरका विधायक मामन खान, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सहीदा खान समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की तैयारी

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश प्रभारी संजय दत्त के कार्यभार संभालने के बाद कांग्रेस ने पूरे हरियाणा में संगठन को मजबूत करने का अभियान शुरू किया है। जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनकी राय ली जा रही है। 19 जुलाई से शुरू हुआ यह अभियान इस माह के अंत तक सभी जिलों में पूरा होगा, जबकि सितंबर से ब्लॉक स्तर पर सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

मतदाता सूची पर कांग्रेस रहेगी सतर्क

प्रदेश अध्यक्ष ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के मजबूत क्षेत्रों में गड़बड़ी की कोशिश होने पर पार्टी सतर्क रहेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम कटने या फर्जी वोट जुड़ने नहीं दिए जाएंगे। अनियमितता मिलने पर मामला प्रशासन और निर्वाचन आयोग के समक्ष उठाया जाएगा।

8 अगस्त को होगी कार्यशाला

राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि 8 अगस्त को सोनीपत में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला होगी, जिसमें सांसद, विधायक, जिला अध्यक्ष और पदाधिकारियों को मतदाता सूची से जुड़े नियमों और आपत्तियों की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।

प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ स्तर पर होती है। इसलिए हर गांव, वार्ड और बूथ पर मजबूत टीम तैयार कर कांग्रेस आगामी चुनावों की तैयारी करेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m