नूंह जिले के थाना सदर फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के गांव दौहा में सीआईए टीम ने छापेमारी कर गौकशी के मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 41 किलो संदिग्ध गौमांस और तीन जीवित गौधन बरामद किए हैं।
सोनू वर्मा, नूंह। जिला नूंह के थाना सदर फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के गांव दौहा में सीआईए स्टाफ ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर कथित गौकशी के मामले का भंडाफोड़ किया। पुलिस के अनुसार मौके से 41 किलो संदिग्ध गौमांस, तीन जीवित गौधन, एक छुरी, एक गंडासा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, लकड़ी का गटका, रस्सियां तथा प्लास्टिक की पॉलिथीन बरामद की गई।
सूचना पर सीआईए टीम की छापेमारी
पुलिस ने बताया कि सूचना मिली थी कि गांव दौहा निवासी साबिर के मकान में गौकशी कर मांस बेचने का अवैध धंधा किया जा रहा है। सूचना पर उपनिरीक्षक राम किशन के नेतृत्व में टीम ने छापा मारा। पुलिस के पहुंचते ही छह आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
दो आरोपी गिरफ्तार, छह के खिलाफ मामला
मौके से सहनाज पत्नी साबिर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि भाग रहे आरोपियों में से मुफीद पुत्र दीन मोहम्मद निवासी बदोपुर को भी पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया। पुलिस का कहना है कि भागने के दौरान फिसलने से उसके पैर में चोट लग गई।
पुलिस के अनुसार मौके से तीन जीवित गौधन, 41 किलो संदिग्ध गौमांस तथा गौकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए। मामले में साबिर, सहनाज, आसीन, मुफीद, ईदरीस, सद्दाम और साहुन के खिलाफ हरियाणा गौवंश संरक्षण एवं गौसंवर्धन अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत थाना सदर फिरोजपुर झिरका में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।


