हरियाणा के नूंह जिले के बिछोर थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसके बाद सदमे और मानसिक दबाव में आई युवती की मौत हो गई है।

सोनू वर्मा, नूंह। हरियाणा के नूंह जिले के थाना बिछोर क्षेत्र के एक गांव में युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और बाद में उसकी मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पीड़ित परिवार ने गांव के कुछ युवकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 18 मई 2026 की रात पीड़िता के पिता किसी जरूरी काम से घर से बाहर गए हुए थे और घर पर उसकी मां और बेटी मौजूद थीं। आरोप है कि देर रात कुछ युवक घर में जबरन घुस आए, जिसमें से एक युवक बाहर निगरानी करता रहा और अन्य आरोपियों ने युवती का मुंह कपड़े से बांधकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।

फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी और ब्लैकमेलिंग का आरोप

पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने वारदात के दौरान युवती के फोटो और वीडियो भी मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। बाद में इन फोटो-वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर युवती को लगातार ब्लैकमेल किया जाता रहा। परिजनों के मुताबिक, इस बदनामी और मानसिक दबाव से परेशान होकर युवती ने जहरीला पदार्थ पी लिया। हालत बिगड़ने पर उसे पहले एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे गंभीर स्थिति में रेफर कर दिया गया। इसी दौरान पुलिस हेल्पलाइन पर घटना की सूचना दी गई और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़िता के प्रारंभिक बयान दर्ज किए। इसके बाद परिजन युवती को दूसरे अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

गांव में तनाव का माहौल और पुलिस की कार्रवाई

इस खौफनाक घटना के बाद से गांव में तनाव और पीड़ित परिवार में मातम का माहौल बना हुआ है। दुखी परिवार ने आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बिछोर के एसएचओ राजबीर का कहना है कि पुलिस को इस संबंध में शिकायत मिल चुकी है। फिलहाल मृतका का डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, ताकि मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सके। पुलिस पूरे मामले की गहनता और गंभीरता से जांच कर रही है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।