साइबर थाना नूंह पुलिस ने ऑनलाइन ठगी और सेक्सटॉर्शन के मामले में आरोपी शाहिद को गिरफ्तार किया है। एसपी डॉ. अर्पित जैन के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह बड़ी कार्रवाई की गई है।
सोनू वर्मा, नूंह। जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर थाना नूंह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ठगी और सेक्सटॉर्शन के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के निर्देश पर साइबर अपराधों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है और इसी कड़ी में यह सफलता हासिल हुई है।
साइबर थाना नूंह में दर्ज एक मामले की जांच के दौरान आरोपी शाहिद को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपनी असली पहचान छिपाने के लिए फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल करता था। वह सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से लोगों को अपने जाल में फंसाकर सेक्सटॉर्शन का शिकार बनाता था और फिर उन्हें बदनाम करने की धमकी देकर मोटी रकम वसूलता था।
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी तकनीक का दुरुपयोग कर लोगों को मानसिक और आर्थिक रूप से नुकसान पहुंचा रहा था। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि उसके नेटवर्क और अन्य संभावित साथियों का पता लगाया जा सके। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।
एसपी ने की सतर्क रहने की अपील
पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने कहा कि साइबर अपराधियों के खिलाफ जिले में अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति की वीडियो कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल या ऑनलाइन लालच देने वाले संदेशों पर भरोसा न करें। यदि कोई साइबर ठगी या सेक्सटॉर्शन का शिकार होता है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान को रोका जा सके।

