नूंह के गांव खोरी शाहा चोखा में साइबर अपराधियों पर मुखबिरी के शक में एक परिवार को निशाना बनाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सोनू वर्मा, नूंह। जिले के थाना पिनगवां अंतर्गत गांव खोरी शाहा चोखा में साइबर ठगी की शिकायत करने के शक में एक परिवार पर दबंगों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित 60 वर्षीय हसन मोहम्मद ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि दबंगों ने घर में घुसकर मारपीट की, गाली-गलौज की और परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इस पूरी घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आने का दावा किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और पीड़ित परिवार ने सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस इस मामले में कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

शिकायत के शक में की मारपीट

पीड़ित हसन मोहम्मद के अनुसार, 9 जून को पिनगवां पुलिस ने गांव के कुछ लोगों को साइबर अपराध के एक मामले में गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई के बाद गिरफ्तार आरोपियों के परिजनों को शक हुआ कि पुलिस को गुप्त सूचना उनके परिवार ने दी है। इसी रंजिश के चलते रात करीब 11 बजे फारुख, आसिम, रशीद, हारून और साबिर समेत करीब 8-9 लोग लाठी-डंडों से लैस होकर हसन मोहम्मद के घर में घुस आए। आरोप है कि हमलावरों ने उनके बेटे आकिल को बुरी तरह पीटा और बीच-बचाव करने आईं महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्रता की। दबंगों की यह हरकत सीसीटीवी में कैद हो गई है, जो अब जांच का आधार बनी है।

जान से मारने की मिली धमकी

हमलावरों ने केवल मारपीट ही नहीं की, बल्कि परिवार को डराने के लिए आकिल के पैर तोड़ने और अंजाम भुगतने की धमकियां भी दीं। पीड़ित का कहना है कि आरोपी घर से भागते समय भी उन्हें जान से मारने की धमकी देते रहे, जिससे परिवार दहशत में है। हसन मोहम्मद ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, थाना पिनगवां प्रभारी राजेश कुमार ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि शिकायत मिल गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।