नूंह के अलालपुर गांव में एक 21 वर्षीय नवजात की मां का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका पाया गया। मृतका के पिता ने बेटी के ससुराल पक्ष पर छुचक के नाम पर अतिरिक्त दहेज मांगने, प्रताड़ित करने और हत्या का संगीन आरोप लगाया है।
सोनू वर्मा, नूंह। जिले के जयसिंहपुर चौकी क्षेत्र के गांव अलालपुर में 21 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मृतका ने महज 22 दिन पहले ही एक लड़के को जन्म दिया था। लड़के के होने पर छुचक पर अधिक सामान ना देने पर परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका की पहचान सुहाना पत्नी शौकीन निवासी अलालपुर के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही जयसिंहपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इस मामले (Nuh Dowry Death Suspect Suhana) को लेकर इलाके में भारी तनाव देखा जा रहा है।
पिता ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
मृतका के पिता अकबर निवासी डूंगेजा ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने दावा किया कि घटना से एक दिन पहले भी सुहाना के साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी। पीड़ित पिता का आरोप है कि मंगलवार शाम ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर पहले उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और फिर पूरे मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया। इस जघन्य घटना के बाद से ही पूरे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं और मृतका के परिजनों में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है।
फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई
जांच अधिकारी शमीम ने बताया कि परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस प्रशासन इस समय सभी कानूनी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहनता से जांच कर रहा है। पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की वैज्ञानिक जांच के आधार पर ही आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। नवजात बच्चे के सिर से मां का साया उठने से लोग काफी भावुक हैं।

