नूंह के सदर थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला के साथ हुई बर्बरता के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को दबोचकर कोर्ट से रिमांड पर लिया है।
सोनू वर्मा, नूंह। जिले के सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट और कथित दुष्कर्म करने के बेहद संवेदनशील मामले में नूंह पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए मुख्य आरोपी की पहचान साहिल उर्फ काला पुत्र असरु के रूप में की गई है। पुलिस टीम ने गिरफ्तार आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश कर जरूरी पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर ले लिया है। फिलहाल पुलिस हिरासत में उससे इस पूरे मामले के संबंध में गहनता से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी अहम साक्ष्यों को समय रहते जुटाया जा सके।
जंगल में दिया वारदात को अंजाम
नूंह पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कुछ दिन पहले नूंह सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट और हैवानियत की यह दर्दनाक घटना सामने आई थी। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। शिकायत के अनुसार घटना के समय पीड़िता का पूरा परिवार पुन्हाना क्षेत्र के एक गांव में गया हुआ था और महिला घर पर बिल्कुल अकेली थी। दोपहर के समय जब वह अपनी गाय चराने के लिए जंगल की ओर गई थी, तभी गांव के ही दो दबंग युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।
रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी
आरोप है कि दोनों युवकों ने महिला के साथ मारपीट करने के बाद इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया, जिससे बुजुर्ग महिला मौके पर ही बेहोश हो गई। बाद में ग्रामीणों को जब इसकी भनक लगी, तो उन्होंने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचित किया। इसके बाद पीड़िता को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपी साहिल उर्फ काला को दबोच लिया। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।

