नूंह जिले में जानलेवा गर्मी के साथ अघोषित बिजली कटों ने आम जनता का जीना मुहाल कर दिया है, जिससे त्रस्त होकर वार्ड नंबर 13 के उपभोक्ताओं ने मुख्यमंत्री खिड़की में गुहार लगाई है।
सोनू वर्मा नूंह। जिले में भीषण हीटवेव का प्रकोप अपने चरम पर है, जिससे जिलावासी जानलेवा गर्मी के आघोष में समा गए हैं। दोपहर के समय चल रही भयंकर लू और रात की उमस भरी गर्मी से लोगों को दूर-दूर तक राहत नहीं मिल पा रही है। इस तपती गर्मी में बिजली और पानी की लचर आपूर्ति ने आम जनता की मुश्किलों को दोगुना कर दिया है। बिजली गुल रहने की वजह से पेयजल विभाग अपनी जिम्मेदारी बिजली विभाग पर डालकर बच निकलता है। जिला मुख्यालय नूंह में रविवार और सोमवार को पूरे दिन-रात अघोषित बिजली कटों का सिलसिला जारी रहा, जिससे बीमारों, बुजुर्गों, महिलाओं और मासूम बच्चों का हाल बेहाल हो गया।
कुटिया मोहल्ला का ट्रांसफार्मर हुआ ओवरलोड, ऑनलाइन शिकायतें भी रहीं बेअसर
नूंह शहर के कई हिस्सों में रात के समय बिजली पूरी तरह ठप रही। विशेष रूप से वार्ड नंबर 13 स्थित कुटिया मोहल्ला में लगे ट्रांसफार्मर पर क्षमता से अधिक लोड होने के कारण उसके तीनों फेस बार-बार जलकर गिरते रहे। जब इस समस्या को लेकर बिजली विभाग के सिटी जेई रौनक से संपर्क किया गया, तो उन्होंने सारा ठीकरा अवैध रूप से एयर कंडीशनर (AC) चलाने वाले बिजली चोरों पर फोड़ दिया। जेई द्वारा रात करीब 10:30 बजे आधे घंटे में बिजली आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया गया, लेकिन उसके बाद उन्होंने फोन उठाना बंद कर दिया। विभाग का शिकायत पोर्टल और ऑनलाइन कंप्लेंट सिस्टम भी बेअसर साबित हुआ, जिसके कारण लोगों को रात भर मच्छरों और भीषण गर्मी के बीच जागकर रात काटनी पड़ी।
इन्वर्टर भी हुए फेल, तंग आकर उपभोक्ताओं ने मुख्यमंत्री खिड़की में लगाई गुहार
लगातार लग रहे लंबे बिजली कटों की वजह से स्थानीय नागरिकों के घरों में लगे इन्वर्टर भी पूरी तरह जवाब दे गए हैं। शहर के जागरूक उपभोक्ता दीपक शर्मा, विवेक कुमार, ललित सोनी, विजय गोयल, गोसी, मनोज कुमार, बीरबाला, विजय चौहान एडवोकेट, सचिन कुमार, बंटी मनोचा, बीके संजीवनी, सुनील शर्मा, मनोज माथुर, नदीम, यश, धीरज सोनी, रूपचंद अग्रवाल, महावीर जैन और यश आदि ने बताया कि बिजली-पानी की किल्लत से उनका दिन का चैन और रात की नींद हराम हो चुकी है। इस लचर कार्यशैली से तंग आकर एक पीड़ित उपभोक्ता ने सीएम विंडो (CM Window) में लिखित दरखास्त देकर वार्ड नंबर 13 कुटिया मोहल्ला के ट्रांसफार्मर का भारी लोड कम करने और व्यवस्था सुधारने की मांग की है। दूसरी ओर, सिटी जेई रौनक का कहना है कि बिजली शेड्यूल के अनुसार दी जा रही है और फाल्ट आने पर अनुमति लेकर ही कट लगाए जाते हैं।

