नूंह। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नूंह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कथित नशा तस्करों को 2 किलो 125 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 4.30 करोड़ रुपये है। आरोपियों की पहचान नानुका निवासी अरबाज और राजस्थान के खैरथल जिले के खेड़ी निवासी सलीम के रूप में हुई है। दोनों आरोपी काले रंग की क्रेटा कार में हेरोइन लेकर जा रहे थे।

रंगाला घाटी के पास पुलिस ने की नाकाबंदी

पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के मुताबिक, नशा मुक्ति अभियान के तहत तावडू अपराध जांच शाखा की टीम उप निरीक्षक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो संदिग्ध एक क्रेटा कार में हेरोइन लेकर रंगाला घाटी के रास्ते नानुका की तरफ आने वाले हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रंगाला घाटी के पास नाकाबंदी कर दी। पुलिस के अनुसार, संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया तो चालक ने वाहन को तेज गति से भगाने की कोशिश की और कथित तौर पर पुलिस की सरकारी गाड़ियों को टक्कर मार दी। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

कार में 40 पैकेटों में मिली हेरोइन

पुलिस ने नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में क्रेटा कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान चालक सीट के पीछे छिपाकर रखे गए 40 पैकेट बरामद हुए। जांच में इन पैकेटों में हेरोइन होने की पुष्टि हुई। पुलिस के मुताबिक, बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 2 किलो 125 ग्राम है।

पुलिस ने हेरोइन को जब्त कर सील कर दिया और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही क्रेटा कार को भी कब्जे में ले लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ सदर तावडू थाने में एनडीपीएस एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दो दिन की पुलिस रिमांड पर आरोपी

गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब पूछताछ के जरिए हेरोइन की सप्लाई चेन, खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों और पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

पुलिस आरोपियों की संपत्ति और आर्थिक गतिविधियों की भी जांच कर रही है, ताकि नशा तस्करी से जुड़े संभावित अन्य लोगों की भूमिका सामने आ सके।

20 दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई का दावा

एसपी डॉ. अर्पित जैन ने बताया कि नूंह जिले में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने डीएसपी अभिमन्यु लोहान, सीआईए तावडू प्रभारी प्रदीप कुमार और कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम की सराहना की।

पुलिस के अनुसार, पिछले 20 दिनों में यह नशा तस्करी के खिलाफ दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 26 अगस्त को तावडू सीआईए टीम ने दो आरोपियों को 1 किलो 597 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। उस मामले में नूंह शहर थाने में केस दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, उस समय बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 3.15 करोड़ रुपये थी।