नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव रानियाली में पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका दूसरा सहयोगी भागने में कामयाब रहा।

सोनू वर्मा, नूंह। जिले के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के गांव रानियाली में अवैध हथियारों के खिलाफ की गई एक बड़ी छापेमारी के दौरान हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ है। इस सफल कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका दूसरा साथी चकमा देकर भाग गया। डीएसपी फिरोजपुर झिरका हरदीप सिंह ने बताया कि सीआईए टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि रानियाली में कुछ लोग अवैध हथियार छिपाकर रखे हुए हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने पूरी मुस्तैदी के साथ गांव में रेड की, जिसमें फारूक नामक आरोपी को दबोच लिया गया।

भारी मात्रा में असलहा बरामद

सीआईए टीम द्वारा ठिकाने की बारीकी से ली गई तलाशी के दौरान भारी मात्रा में घातक असलहा बरामद हुआ है। पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा (.315 बोर), एक नाली देसी बंदूक, पांच जिंदा कारतूस, .315 और 12 बोर के सात खाली कारतूस, एक तलवार तथा एक प्रतिबंधित बटनदार चाकू बरामद किया है। बरामद किए गए सभी हथियारों और कारतूसों को पुलिस ने तुरंत अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है। इस बड़ी बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी पूरी तरह सतर्क हो गई हैं और आरोपियों के पिछले रिकॉर्ड को खंगाल रही हैं।

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी फारूक और उसके फरार साथी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत नामजद मामला दर्ज कर लिया गया है। पकड़े गए आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद हथियार कहां से लाए गए थे, इन्हें किसने उपलब्ध कराया और इनका इस्तेमाल किस बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए किया जाना था। इसके साथ ही आरोपियों के तार किसी बड़े आपराधिक गिरोह या हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की भी जांच जारी है।