सोनू वर्मा ,नूंह। जिले में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए नूंह पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अवैध खनन में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों को जब्त किया जा रहा है और नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है।

इसी अभियान के तहत एवीटी स्टाफ रोजका मेव ने थाना पिनगवां क्षेत्र में अवैध माइनिंग चेकिंग के दौरान अरावली क्षेत्र के गांव शाहचौखा में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध पत्थर खनन करते हुए पकड़ा। पुलिस टीम ने वाहन को कब्जे में लेकर पिनगवां थाना परिसर में खड़ा कराया।

पुलिस ने ट्रैक्टर के इंजन नंबर के आधार पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया और मामले की सूचना माइनिंग विभाग को दी। बाद में सिविल माइनिंग स्टाफ द्वारा वाहन को अवैध खनन के मामले में सीज कर दिया गया।

वहीं दूसरे मामले में थाना सदर फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के गांव घाटा शमशाबाद स्थित अरावली पहाड़ियों में एक अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध पत्थर खनन करते हुए पकड़ी गई। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया और इंजन व चेसिस नंबर के आधार पर चालान किया। बाद में माइनिंग विभाग ने वाहन को सीज कर दिया।

जिला पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि जिले में अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाकर ऐसे मामलों पर निगरानी रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।