सोनू वर्मा ,नूंह। आगामी ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर नूंह पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस रूम में जिलेभर के मुस्लिम धार्मिक गुरुओं के साथ अहम बैठक की।
बैठक में एसपी ने सभी धार्मिक गुरुओं को बकरीद की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए समाज में भाईचारा और शांति बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बकरीद त्याग, सहिष्णुता और मानवता का संदेश देने वाला पर्व है, जिसे आपसी सद्भाव और कानून व्यवस्था के दायरे में रहकर मनाया जाना चाहिए।
डॉ. अर्पित जैन ने धार्मिक गुरुओं से आग्रह किया कि वे ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज से पहले लोगों को सामाजिक बुराइयों से दूर रहने, कानून का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए जागरूक करें। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाहें और भ्रामक सूचनाएं फैलाने से बचने की भी अपील की गई।
बैठक में प्रशासन द्वारा पशु कुर्बानी को लेकर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने पर विशेष जोर दिया गया। एसपी ने स्पष्ट कहा कि कुर्बानी केवल निर्धारित स्थानों पर और प्रशासनिक नियमों के अनुसार ही की जाए। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
एसपी ने युवाओं में बढ़ रही साइबर अपराध, नशा तस्करी, वाहन चोरी, ट्रैफिक नियमों की अनदेखी और स्टंटबाजी जैसी प्रवृत्तियों पर भी चिंता जताई। उन्होंने खासतौर पर बकरीद के दौरान ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाने और सनरूफ पर खड़े होकर सफर करने जैसी खतरनाक गतिविधियों से बचने की अपील की।
बैठक में मौजूद धार्मिक गुरुओं ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने और त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का भरोसा दिलाया।

