सोनू वर्मा ,नूंह। जिले में थाना रोजकामेव पुलिस ने पुलिस अधीक्षक के निर्देशों की अवहेलना करते हुए रात 10 बजे के बाद दुकानें खोलने वाले दुकानदारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए कार्रवाई की है। 21 मई की रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने ऐसे 10 दुकानदारों को हिरासत में लिया जो निर्धारित समय के बाद भी अपनी दुकानें संचालित कर रहे थे।
पुलिस ने सभी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 172(2) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया।
हिरासत में लिए गए दुकानदारों में हसीन (बाईका डंडा), वसीम (बाईका डंडा), शाकिर (सारा कलां, राजस्थान), हुसैन (रेवासन), हाजर खान (रेवासन), जब्बार (बैरिया बास), मुनफीद (खेड़ी कंकर), जाकिर (सदाई), शहीद (सदाई) तथा रामफूल (मंगोलपुरी, दिल्ली) शामिल हैं।
पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के निर्देशों के तहत जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि देर रात तक दुकानें खुली रहने से असामाजिक तत्वों के एकत्र होने की संभावना बढ़ जाती है, जिससे अपराध की आशंका रहती है। इसी कारण रात्रि गश्त के दौरान यह कार्रवाई की गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई।

