नूंह के होनहार छात्र गुलशन को 10वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए समाज के गणमान्य लोगों ने सम्मानित किया। सफलता का जश्न मनाते हुए उसे उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रोत्साहित किया गया।

सोनू वर्मा, नूंह। CBSC सत्र 2024-25 की दसवीं बोर्ड परीक्षा में 88.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र गुलशन को रविवार को जिला स्तर पर भव्य रूप से सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह छात्र की मेहनत और शैक्षणिक उपलब्धि को समर्पित था, जिसमें समाज के अनेक प्रबुद्ध लोगों ने भाग लिया। सिंचाई विभाग के एसडीओ सुरेश कुमार ने गुलशन को विशेष रूप से पगड़ी बांधकर और 1100 रुपये की माला पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि लगन और अनुशासन से पढ़ाई करने वाले विद्यार्थी ही देश और समाज का भविष्य संवारने का सामर्थ्य रखते हैं। यह पल छात्र और उसके परिवार के लिए बेहद गौरवपूर्ण रहा।

मेडल देकर किया गया उत्साहवर्धन

कार्यक्रम के दौरान कोहली ज्ञान फाउंडेशन के चेयरमैन अजय कोहली ने गुलशन को मेडल प्रदान कर उसका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि गुलशन की यह सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए एक बड़ा उदाहरण है। छात्र के पिता विक्रम सिंह और कोली समाज जागरूक एकता मंच के महासचिव ने गुलशन को जीवन के लक्ष्यों के प्रति निरंतर समर्पित रहने की सलाह दी। उन्होंने जोर दिया कि कठिन परिश्रम ही सफलता की एकमात्र कुंजी है। इस अवसर पर समाज के कई वरिष्ठ नागरिकों सहित राज कुमार, गंगा दान महंत, भाजपा जिला अध्यक्ष, नवल और उदय वीर आदि ने उपस्थिति दर्ज कराकर गुलशन की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।

परिवार में छाई खुशी की लहर

सम्मान समारोह के उपरांत गुलशन जब अपने घर पहुंचा, तो उसकी माता पूनम, बहन विनम्रता और परिवार के अन्य सदस्यों ने गर्मजोशी के साथ उसका स्वागत किया। परिवार में खुशी का माहौल था और मिठाइयां खिलाकर उसकी सफलता का जश्न मनाया गया। समाज और परिवार के लोगों ने उम्मीद जताई कि गुलशन भविष्य में भी इसी निष्ठा और मेहनत से पढ़ाई जारी रखेगा और अपने क्षेत्र के साथ-साथ समाज का नाम रोशन करेगा। गुलशन की इस उपलब्धि ने न केवल उसके परिवार का मान बढ़ाया है, बल्कि पूरे जिले के विद्यार्थियों में नई ऊर्जा का संचार किया है। सभी ने उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए मंगलकामनाएं कीं।