नूंह पुलिस ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद सड़क पर स्टंट करने वाले थार और ट्रैक्टर चालकों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों ने अपनी इस खतरनाक हरकत के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए युवाओं से स्टंट न करने की अपील की है।
नूंह। जिले में सार्वजनिक सड़क पर थार गाड़ी और ट्रैक्टर के बीच खींचतान का जानलेवा स्टंट करने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरकत में आई नूंह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने स्टंट में शामिल दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है और दोनों चालकों को भी सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों में थार का चालक अनवर शामिल है, जो हसनपुर बिलोंडा का निवासी है। वहीं ट्रैक्टर चलाने वाले दूसरे आरोपी की पहचान अगोंन गांव के रहने वाले शाहिद के रूप में हुई है। यह पूरा विवादित स्टंट फिरोजपुर झिरका इलाके के अंतर्गत आने वाले अगोंन गांव में अंजाम दिया गया था।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
इंटरनेट पर प्रसारित हुए वीडियो में कुछ युवक थार और ट्रैक्टर की शक्ति का प्रदर्शन करने के लिए उन्हें एक मजबूत रस्सी से बांधकर बीच सड़क पर खींचते हुए दिखाई दिए थे। इस खतरनाक खेल का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने इस पर कड़ा ऐतराज जताया था और पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। नूंह पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की और वीडियो के आधार पर गाड़ियों व आरोपियों को ढूंढ निकाला। पुलिस ने दोनों गाड़ियां बरामद कर मोटर वाहन अधिनियम (एमवीए) और अन्य संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। कानून के शिकंजे में आने के बाद दोनों आरोपियों का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वे अपनी इस गलती पर हाथ जोड़कर माफी मांग रहे हैं।

आरोपियों ने मांगी सार्वजनिक माफी
गिरफ्तार अनवर और शाहिद ने माना कि सार्वजनिक स्थान पर ऐसा स्टंट करना बेहद गलत था और इससे राहगीरों की जान संकट में पड़ सकती थी। दोनों ने युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर सिर्फ मशहूर होने के लिए अपनी या दूसरों की जिंदगी से खिलवाड़ न करें। इधर नूंह पुलिस ने भी सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि सड़कों पर हुड़दंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।


