कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी नागरिक अस्पताल प्रकरण को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। रेनू भाटिया के खिलाफ नर्सिंग स्टाफ का विरोध तेज हो गया है और मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है।बुधवार को बड़ी संख्या में नर्सिंग कर्मी आदर्श थाना पहुंचे और रेनू भाटिया के खिलाफ शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। नर्सिंग स्टाफ का आरोप है कि उनके बयानों से पूरे समुदाय की छवि को ठेस पहुंची है।

बिना जांच गंभीर आरोप लगाए गए

नर्सिंग कर्मियों ने कहा कि बिना किसी जांच के पूरे स्टाफ पर गंभीर टिप्पणी की गई, जिससे प्रदेशभर की नर्सों में नाराजगी है। इस दौरान नारेबाजी करते हुए कर्मचारियों ने विरोध दर्ज कराया।एलएनजेपी अस्पताल मामले को लेकर पहले भी नर्सिंग संगठनों ने पेन डाउन हड़ताल कर विरोध जताया था। अब मामला एफआईआर की मांग तक पहुंच गया है।

क्या है पूरा मामला

यह विवाद उस घटना से जुड़ा है जिसमें अस्पताल निरीक्षण के दौरान दिए गए बयान को लेकर नर्सिंग स्टाफ नाराज हो गया था। बयान को लेकर प्रदेशभर में विरोध तेज हुआ और अब मामला कानूनी कार्रवाई की मांग तक पहुंच चुका है।

पहले ही दे चुकी हैं इस्तीफा

इसी विवाद के बीच रेनू भाटिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, जिसे मुख्यमंत्री को भेजकर स्वीकार करने का अनुरोध किया गया है।