लखनऊ. प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. राजभर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अखिलेश यादव से उनके कथित समर्थकों को नियंत्रित करने की नसीहत दी. उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो यही लोग अखिलेश यादव को भी राजनीतिक नुकसान पहुंचा देंगे.

यह भी पढ़ें- दुर्गा पूजा में नॉनवेज विवाद पर आचार्य प्रमोद कृष्ण बोले- मां दुर्गा नाराज होतीं तो शेर को पास क्यों रखतीं?

राजभर बोले- बहुत अति मचाए हुए हैं

बुधवार को पोस्ट करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने कहा, “अखिलेश भाई, अपने अहीर और जहीर को कंट्रोल कीजिए महाराज.” उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग समाज का अहित कर रहे हैं और आगे चलकर अखिलेश यादव के लिए भी परेशानी खड़ी कर सकते हैं. राजभर ने अपने बयान में हाल की दो घटनाओं का हवाला दिया.

झांसी और हापुड़ की घटनाओं का दिया हवाला

राजभर ने झांसी की घटना का जिक्र करते हुए दावा किया कि एक सरकारी शिक्षक, जिसे उन्होंने ‘अहीर’ कहकर संबोधित किया, ने बनिया समाज से जुड़े एक व्यापारी का कथित तौर पर अपहरण किया. राजभर के मुताबिक पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है. हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों और पुलिस कार्रवाई की स्वतंत्र पुष्टि का विवरण उनके बयान में नहीं दिया गया है. उन्होंने हापुड़ की घटना का भी जिक्र किया और दावा किया कि ‘जहीर’ नाम के व्यक्ति को गोकशी के मामले में एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया गया.

सपा छात्रसभा की ड्रेस पर भी निशाना

राजभर ने एक दिन पहले समाजवादी छात्रसभा की नई ड्रेस को लेकर भी अखिलेश यादव पर निशाना साधा था. सपा ने नीली जींस और नीली टीशर्ट वाली ड्रेस लॉन्च की है. राजभर ने आरोप लगाया कि अपराधियों को राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना की यूनिफॉर्म की नकल वाली नीली ड्रेस पहनाई गई है. उन्होंने कहा कि अगर ड्रेस सुहेलदेव सेना जैसी है तो अनुशासन भी उसी तरह सिखाया जाना चाहिए.

यह भी पढ़ें- ‘मैं विशिष्ट मानव नहीं हूं कि 24 घंटे काम कर सकूं’, सिपाही ने थाने के ग्रुप में डाला इस्तीफा

बोले- 2027 में 27 सीट भी नहीं जीतेंगे

राजभर ने अपने पोस्ट में अखिलेश यादव को राजनीतिक चेतावनी भी दी. उन्होंने कहा कि यदि पार्टी अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों पर नियंत्रण नहीं रखती है तो ‘अहीर और जहीर’ 2027 में सपा को 27 सीट भी नहीं जीतने देंगे. राजभर के इस बयान के बाद यूपी की राजनीति में सियासी बयानबाजी तेज होने के आसार हैं.