उत्तर प्रदेश में विधानसभआ चुनाव से पहले सीटों के बंटवारे को लेकर बयानबाजी का दौर शुरू हो चुका है. सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने यूपी चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि कांग्रेस की 403 सीटों पर तैयारी है. समाजवादी पार्टी से हम भीख नहीं मांगते हैं कि वो हमें कितनी सीट देंगे, बराबरी पर बात होगी. समाजवादी पार्टी कौन है हमें सीट देने वाली, हम कोई भीख नहीं मांग रहे हैं. कांग्रेस की तैयारी पूरी है, पश्चिम बंगाल में ममता के साथ जो हुआ उसकी सीख सबको लेनी चाहिए.
मसूद ने कहा कि 70 प्रतिशत बूथों पर हमारी तैयारी हो चुकी है. उन्होंने कहा कि गठबंधन होता है तो गठबंधन के अंदर आपस में बैठकर के तय किया जाता है लेना और देना नहीं होता तय किया जाता है बैठकर टेबल पर ये देगा कि दे देगी छोड़ देगी ये क्या शब्द है, हम भिखारी हैं क्या? उन्होंने कहा कि गठबंधन होगा बड़े नेता बैठकर कर के तय करेंगे अगर समझौता नहीं हो पाया तो हम तो लड़ाई की तैयारी कर ही रहे हैं. लेकिन देश के अंदर तस्वीर बिल्कुल साफ है. बंगाल से सबक ले लीजिए कि क्या हुआ है बंगाल में? अगर ममता जी ने पहले हाथ थामा होता तो यह हाल ना होता वहां.
इसे भी पढ़ें : साइकिल और पंजा मिलकर तय करेंगे सत्ताईस का सफर, सीट बंटवारे पर चर्चा तेज, 200 नामों पर जल्द लग सकती है मुहर
बता दें कि राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग फॉर्मूले पर सहमति बन चुकी है और जल्द ही इस संबंध में बड़ा ऐलान हो सकता है. राहुल गांधी और अखिलेश यादव इस बार साथ मिलकर चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं. संभावना है कि सपा और कांग्रेस चुनाव आयोग की अधिसूचना जारी होने से पहले ही उम्मीदवारों के नाम घोषित कर सकती हैं. जिसका साफ-साफ उद्देश्य है कि प्रत्याशी अपने क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा समय प्रचार कर सके और पार्टी के पक्ष में माहौल बना सके. कहा जा रहा है कि 200 सीटों पर संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा चल रही है. सपा जल्द ही अपनी पहली सूची भी जारी कर सकती है.

