हरियाणा डेस्क। हरियाणवी मनोरंजन जगत की चर्चित कलाकार सपना चौधरी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। दिल्ली में आयोजित एक लाइव कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मंच पर मौजूद प्रसिद्ध गायक मासूम शर्मा के साथ परफॉर्म करने से इनकार कर दिया। सपना के बयान और मासूम शर्मा की प्रतिक्रिया का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दिल्ली में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान सपना चौधरी और हरियाणवी गायक मासूम शर्मा एक ही मंच पर मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान दर्शकों और आयोजकों ने दोनों कलाकारों से साथ में प्रस्तुति देने की मांग की। इस पर सपना चौधरी ने माइक पर मुस्कुराते हुए कहा, “आजकल मेरी आदमियों से बन नहीं रही है, इसलिए मैं मासूम शर्मा के साथ गाना नहीं गाऊंगी।”

मंच में असहज दिखे मासूम शर्मा
सपना का यह बयान सुनते ही दर्शकों के बीच हंसी और तालियों का माहौल बन गया, लेकिन मंच पर कुछ पल के लिए असहज स्थिति भी देखने को मिली। वहीं, सपना के इस बयान पर मासूम शर्मा ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और शांत भाव से मंच पर खड़े रहे।

सोशल मीडिया में यूजर्स के बीच छिड़ी बहस
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यूजर्स के बीच बहस छिड़ गई है। कई लोग मासूम शर्मा की शालीनता और संयम की सराहना कर रहे हैं। उनका कहना है कि उन्होंने किसी विवाद में पड़ने के बजाय परिपक्वता का परिचय दिया।

हालांकि, कुछ लोग सपना चौधरी के बयान को मजाकिया अंदाज में लिया जा रहा है, जबकि कुछ इसे सार्वजनिक मंच पर दिया गया अनावश्यक बयान मान रहे हैं। फिलहाल दोनों कलाकारों की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।