दिलशाद अहमद, सूरजपुर। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने सूरजपुर में झीरम हमले की 13वीं बरसी पर भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने कहा, भाजपा नहीं चाहती कि झीरम हमले की जांच हो। सरकार लाइव टेलीकास्ट कर नक्सलियों से पूछताछ करें। बैज ने बड़ा आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी के नेता घटना में शामिल हैं इसलिए जांच को प्रभावित कर रहे।
दीपक बैज ने कहा, अब तो सभी बड़े नक्सली लीडर आत्मसमर्पण कर चुके हैं। सरकार उनसे क्यों नहीं जानकारी लेकर कार्रवाई कर रही। पूछताछ में हमले का जिम्मेदार कौन है, इसका पता चल जाएगा। बैज ने कहा, पीड़ित परिवार व कांग्रेस परिवार आज भी न्याय की उम्मीद में बैठे हैं। भाजपा जांच प्रभावित कर रही है। एनआईए ने जांच रिपोर्ट कांग्रेस को नहीं दी।

जानिए क्या है झीरम कांड
झीरम कांड सबसे बड़ा नक्सली हमला था। यह घटना 25 मई 2013 को घटी थी। उस वक्त कांग्रेस के कई दिग्गज नेता परिवर्तन यात्रा कर रहे थे। इस यात्रा के दौरान उनका काफिला सुकमा से लौट रहा था। जैसे ही उनका काफिला दरभा के झीरम घाटी पहुंचा, वैसे ही घात लगाए बैठे नक्सलियों ने काफिले पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी थी। इस घटना में नेताओं, सुरक्षा बलों को मिलाकर 33 लोगों की मौत हो गई थी। आज भी इस कांड को याद करके नेता सिहर उठते हैं।
दिल दहला देने वाले इस कांड को अंजाम देने के लिए 500 से ज्यादा नक्सली तैनात किए गए थे। इन नक्सलियों में 300 हार्डकोर नक्सली थे। ये नक्सली बीजापुर, सुकमा, दरभा और दंतेवाड़ा से बुलाए गए थे। इनती बड़ी संख्या में नक्सलियों की तैनाती का खुफिया तंत्र को अंदाजा भी नहीं था। बताया जाता है कि इस घटना में कई नक्सली भी घायल हुए थे।
