जालंधर. जालंधर में बस्ती बावा खेल के पन्नू विहार से 4 साल के केशव के अपहरण के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने इस केस के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका दूसरा साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है. पुलिस ने 72 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान रजत रत्तु उर्फ रॉकी, निवासी आदमपुर के रूप में हुई है. उसे आज सुबह करीब 5 बजे उसके गांव से गिरफ्तार किया गया.

पुलिस पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ है, जिसके मुताबिक आरोपियों ने बच्चे को 1 लाख रुपये में बेचने की योजना बनाई थी और इसके लिए 20 हजार रुपये एडवांस भी लिए थे. हालांकि, शहर में पुलिस की नाकेबंदी के चलते आरोपी अपनी योजना को अंजाम नहीं दे सके और बच्चे को बस स्टैंड पर छोड़कर फरार हो गए.

इस मामले में बच्चे को खरीदने वाले बताए जा रहे लोगों को भी नामजद किया गया है. वहीं आरोपी का साथी प्रिंस अभी फरार है. जांच में यह भी सामने आया है कि अपहरण के बाद आरोपियों ने अपने कपड़े बदले थे. पुलिस ने वे कपड़े भी बरामद कर लिए हैं. गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा, जिसके बाद पूछताछ में और भी खुलासे होने की संभावना है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H