वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के थरथरी थाना क्षेत्र के संतन बिगहा गांव में कल मंगलवार की देर रात मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। करीब रात 11 बजे दोनों पक्षों के बीच हुई क्रॉस फायरिंग में 25 वर्षीय युवक संजीव कुमार यादव की गोली लगने से मौत हो गई। वहीं, उसका भाई कविन्द्र यादव भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस मौके पर कैंप कर रही है।
दो दिन पहले भी हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत करीब दो दिन पहले धान के खेत में निकौनी को लेकर हुई थी। ग्रामीणों के मुताबिक, नंदु यादव और भोनु यादव के बीच विवाद हुआ था। उस दौरान मिथिलेश यादव ने बीच-बचाव करते हुए झगड़ा करने से मना किया था। इसी बात को लेकर मिथिलेश और नंदु यादव के बीच भी तनातनी हो गई थी।
घटना पर डीएसपी रंजन कुमार का बयान
मामले में हिलसा डीएसपी रंजन कुमार ने बताया कि मंगलवार रात विवाद का तत्काल कारण खेत में लगे मोटर के स्टार्टर का टूटना बना। संजीव कुमार के खेत के मोटर का स्टार्टर किसी अज्ञात व्यक्ति ने तोड़ दिया था। इससे नाराज संजीव सड़क पर खड़े होकर गाली-गलौज कर रहा था। दूसरे पक्ष को लगा कि गालियां उन्हें दी जा रही हैं। इसी गलतफहमी और पहले से चली आ रही रंजिश के कारण विवाद बढ़ गया।
परिजनों में मचा है कोहराम
देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और हथियार निकल गए। पुलिस के अनुसार करीब 3 से 4 राउंड फायरिंग हुई। इसी क्रॉस फायरिंग में संजीव कुमार और उसके भाई कविन्द्र को गोली लगी। संजीव की मौत हो गई, जबकि कविन्द्र गंभीर रूप से घायल है। संजीव के शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लौटने पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
घटना की जानकारी मिलते ही थरथरी थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार और हिलसा डीएसपी रंजन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। डीएसपी के अनुसार मामले में मिथिलेश कुमार, अभिषेक कुमार, कमलेश कुमार, बिनेश कुमार, संजय कुमार और बिजेंद्र प्रसाद को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है और पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है।
ये भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में अस्पताल से महिला कैदी के फरार होने पर मचा हड़कंप, जहर देकर की थी बेटे की हत्या



