अनुज कुमार पांडेय, गोपालगंज। जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां आसमानी बिजली (ठनका) की चपेट में आने से एक खेत मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। घटना कटेया थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर गांव की है, जहां आज बुधवार की दोपहर इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसर गया है।
धान की रोपनी के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, बैकुंठपुर गांव के रहने वाले रामायण राम का 40 वर्षीय पुत्र भोला राम और उसी गांव के सुभाष राम बुधवार को स्थानीय एक खेत में धान की रोपनी कर रहे थे। दोपहर के समय अचानक मौसम का मिजाज बदला और आसमान में काले बादल छा गए। इससे पहले कि दोनों कामगार सुरक्षित स्थान पर पहुंच पाते, अचानक तेज गर्जना के साथ सीधे उनके ऊपर ठनका गिर गया।
एक की मौके पर मौत, दूसरा झुलसा
ठनका की चपेट में आते ही भोला राम अचेत होकर गिर पड़े और घटनास्थल पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, उनके साथ काम कर रहे सुभाष राम बिजली के झटके से गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद आस-पास के खेतों में काम कर रहे अन्य ग्रामीण और किसान तुरंत मौके पर दौड़े। ग्रामीणों ने आनन-फानन में दोनों को स्थानीय वाहनों की मदद से इलाज के लिए तत्काल भोरे रेफरल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल लाते ही डॉक्टरों ने जांच के बाद 40 वर्षीय भोला राम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से झुलसे सुभाष राम को डॉक्टरों की निगरानी में भर्ती कर लिया गया है, जहां उनका आपातकालीन उपचार जारी है।
परिजनों में मचा कोहराम, शोक की लहर
इस दुखद घटना की खबर जैसे ही बैकुंठपुर गांव में फैली, मृतक भोला राम के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के एक सीधे-साधे और कमाऊ सदस्य के अचानक चले जाने से पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से आपदा राहत कोष के तहत पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है ताकि संकट की इस घड़ी में गरीब परिवार को आर्थिक संबल मिल सके।
ये भी पढ़ें- निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई: जमीन नापी के लिए घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ अमीन

