रोहतक। ऑनलाइन बेटिंग की लत ने एक कॉलेज छात्र को अपराध की राह पर धकेल दिया। बीकॉम प्रथम वर्ष में पढ़ने वाला छात्र जुए में भारी कर्ज में डूब गया और कर्ज चुकाने के लिए विदेश में बैठे अपराधियों के लिए हथियारों की सप्लाई करने लगा। रोहतक पुलिस ने आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो आधुनिक हथियार और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

रोहतक के पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने प्रेस वार्ता में बताया कि तकनीकी और मानव खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने शिवाजी कॉलोनी थाना क्षेत्र से आरोपी को दबोचा। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ऑनलाइन बेटिंग के कारण छात्र आर्थिक संकट में फंस गया था और इसी दौरान उसका संपर्क अपराधियों से हुआ।

पुलिस के अनुसार आरोपी विदेश में बैठे बदमाशों के नेटवर्क के लिए हथियारों की डिलीवरी का काम कर रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

रिमांड में खुल सकते हैं कई राज

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को हथियार कहां से मिले, वह किन लोगों तक इन्हें पहुंचाता था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं। जांच एजेंसियों को रिमांड के दौरान कई अहम खुलासों की उम्मीद है।

हथियारों के खिलाफ लगातार कार्रवाई

एसपी गौरव राजपुरोहित ने बताया कि अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान के तहत इस वर्ष अब तक 68 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इन मामलों में 125 अवैध हथियार और 514 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।