कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। शहर में ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान लाखों रुपए के आईफोन की धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर डिलीवरी बॉय को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने कंपनी को धोखा देने के लिए आईफोन के बॉक्स में कीमती मोबाइल की जगह पत्थर भर दिए थे, ताकि वजन बराबर रहे और किसी को शक न हो। ढाई महीने की तलाश के बाद आखिरकार पुलिस ने आरोपी को उसके घर से घेराबंदी कर दबोच लिया।
16 पार्सल डिलीवर के बाद ऑफिस नहीं लौटा
पुलिस की गिरफ्त में आया यह शातिर आरोपी ध्रुव सेन है, जिसने इंस्टामार्ट कंपनी की आंखों में धूल झोंककर लाखों के आईफोन पार कर दिया। मामला ग्वालियर के गोविंदपुरी स्थित सिल्वर एस्टेट के इंस्टाकार्ट ऑफिस का है। अप्रैल महीने में यहां के मैनेजर राजकुमार ने क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई थी कि 21 जनवरी की सुबह आरोपी डिलीवरी बॉय ध्रुव सेन डिलीवरी के लिए 28 पार्सल लेकर निकला था। दोपहर तक उसने 16 पार्सल डिलीवर भी किए, लेकिन शाम को वह ऑफिस नहीं लौटा। जब कंपनी ने ध्रुव के छोड़े गए बैग और दस्तावेज की जांच की, तो उनके होश उड़ गए।
ढाई महीने बाद आरोपी हुआ गिरफ्तार
शातिर ध्रुव ने एप्पल आईफोन के बॉक्स में पत्थर भरकर रख दिए थे, ताकि वजन बराबर रहे और तुरंत किसी को शक न हो। वारदात के बाद आरोपी का मोबाइल लगातार बंद था। कंपनी ने अपने स्तर पर ढाई महीने खोजबीन की और फिर क्राइम ब्रांच की शरण ली। बीती रात आरोपी घर पटियावाला मोहल्ला, अजयपुर गिरवाई आया हुआ है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच ने चारों तरफ से घेराबंदी कर आरोपी ध्रुव सेन को दबोच लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। क्राइम ब्रांच पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरी किए गए आईफोन बरामद कर आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी।


