लखनऊ. उत्तर प्रदेश में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए बयान को लेकर सियासत तेज हो गई है. यूपी सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने खरगे पर पलटवार किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है. राजभर ने आरोप लगाया कि जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है और प्रधानमंत्री मोदी का समर्थन कर रही है. उन्होंने खरगे से अपने बयान के लिए देश से माफी मांगने की मांग की.

इसे भी पढ़ें- Breaking: राहुल गांधी के काफिले का भीषण एक्सीडेंट, कई कार्यकर्ता घायल

राजभर बोले- खाली कुर्सियों को देखकर चिड़चिड़े हो रहे खरगे

ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि खरगे का ध्यान खाली कुर्सियों पर अटका रहता है. वे सोचते हैं कि कार्यक्रम में आने वाले लोग कहां चले गए. राजभर के मुताबिक, इसी वजह से खरगे चिड़चिड़े होते जा रहे हैं. उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष के बयान की निंदा करते हुए कहा कि उन्हें स्वीकार करना चाहिए कि उनकी टिप्पणी गलत थी.

पटना में खरगे ने क्या कहा था?

मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को पटना के बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर विवादित टिप्पणी की थी. बताया गया कि खरगे भाषण दे रहे थे, तभी एक व्यक्ति ने कहा कि मोदी जी नहीं जाने वाले हैं और जब तक देश में विद्रोह नहीं होगा, मोदी सरकार नहीं हटेगी. इसके जवाब में खरगे ने कहा, “मोदी क्या उसका बाप भी जाएगा.” इसी बयान को लेकर बीजेपी और एनडीए नेताओं ने विरोध जताया है.

आगरा शिक्षक एमएलसी चुनाव के तीन बूथों पर दोबारा मतदान

इस बीच उत्तर प्रदेश में आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के तीन बूथों पर दोबारा मतदान कराया जा रहा है. फतेहाबाद, सैंया और खेरागढ़ के एक-एक बूथ पर वोट डाले जा रहे हैं. मतदान शाम चार बजे तक चलेगा. तीनों बूथों पर कुल 2,346 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे.

इसे भी पढ़ें- ओपी राजभर की अखिलेश यादव को चुनौती, बोले- 2027 में मुस्लिम को CM चेहरा बनाकर दिखाएं

सपा ने लगाए थे बूथ कैप्चरिंग के आरोप

23 अक्टूबर को हुए मतदान के दौरान समाजवादी पार्टी ने कुछ बूथों पर कब्जे और मतपत्रों से छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे. इसके बाद तीन बूथों पर पुनर्मतदान कराया जा रहा है. चुनाव प्रक्रिया पर सभी दलों की नजर है. एक ओर खरगे के बयान को लेकर राजनीतिक बयानबाजी जारी है, वहीं दूसरी ओर शिक्षक एमएलसी चुनाव के पुनर्मतदान पर भी सियासी हलचल बनी हुई है.