लखनऊ. सुभासपा के अध्यक्ष और योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को लेकर निशाना साधा है. उन्होंने यादव समाज पर भी आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि ‘बाराबंकी में राजभर की हत्या यादव ने की. मऊ में राजभर बेटी की हत्या यादव ने की. देवरिया में राजभर की हत्या यादव ने की. वाराणसी में राजभर की हत्या यादव ने की. यादव लोग राजभर पर अत्याचार कर रहे हैं. अखिलेश बताएं दिल्ली सरकार कैसे गिरेगी. अखिलेश यादव के अंदर करंट नहीं बचा है’.

बता दें कि इससे पहले भी ओपी राजभर ने अखिलेश पर निशाना साधा था. सोमवार को ही एक्स पर एक पोस्ट साझा किया था. जिसमें उन्होंने लिखा ‘अखिलेश जी ओम प्रकाश राजभर ने ट्वीट, एसी- और पीसी करने के लिए सुभासपा नहीं बनाई है. सच तो ये है कि पिछड़ा वर्ग और बहुजन समाज के नाम पर ठगी करने वालों ने अगर वाकई ईमानदारी दिखाई होती और पिछड़ा-अति पिछड़ा व बहुजन समाज के साथ बराबरी का व्यवहार किया होता- तो सुभासपा के पैदा होने की जरूरत ही नहीं थी.

इसे भी पढ़ें : 25 केवी ट्रांसफॉर्मर पर 80 उपभोक्ताओं का लोड, 15 दिन से आपूर्ति प्रभावित, नई व्यवस्था देने की मांग तेज

राजभर ने आगे लिखा था ‘इसीलिए हमेशा कहता हूं इनके पीडीए का मतलब है, ”पहला दावा अहिर” और वह भी सिर्फ सैफाई वाला. सपा की तरफ से आजमगढ़ का स्थानीय यदुवंशी युवक कभी सांसद नहीं बन सकता. नहीं तो ‘हाऊ कैन यू रोक’ वाले धर्मेन्द्र यादव की जगह मेरे आजमगढ़ का कोई ‘यदुवंशी लाल सांसद’ होता. वोट यदुवंशियों का लेना है लेकिन कुर्सी सिर्फ ‘सैफई के नवाबों’ को मिलती है. बदायूं में आदित्य यादव और कन्नौज में डिम्पल यादव की जगह कोई राजभर, चौहान, निषाद, बिंद, केवट, मल्लाह, कश्यप, प्रजापति, पाल, लोहार, बढ़ई, कहार, धीमर, कुशवाहा, मौर्य, शाक्य, धोबी, सैनी, गूजर जैसी जाति का सांसद बनता.’

राजभर ने लिखा कि मुख्यमंत्री की कुर्सी पर सपा की तरफ से चेहरा अखिलेश यादव नहीं बल्कि हक मांगने पर निकाली गई वीरंगाना स्वर्गीय फूलन देवी की बहन रुक्मिणी निषाद होतीं. सच बोलने वाली पूजा पाल पार्टी से बाहर नहीं निकाली जातीं. जिस पार्टी में केवल ‘सैफई के नवाब’ लोग ही कुर्सी पर बैठने की हैसियत रखते हों और बाकियों को दरी मिलती है. भला उस पार्टी में गैर यादव पिछड़ा, अति पिछड़ा और बहुजन समाज की जातियों के लिए जगह कहां होगी? कुर्सी पर जगह होती तो ओम प्रकाश राजभर को सुभासपा बनाने की जरूरत ही नहीं पड़ती.