यमुनानगर। जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन मैदान 2.0” के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांव सारण में कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान पुलिस को एक घर से लाखों रुपये की नगदी और बंद हो चुके पुराने नोट बरामद हुए, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, थाना छप्पर क्षेत्र के गांव सारण में जिला पुलिस, अपराध शाखा-1, अपराध शाखा-2 और अन्य टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 10 घरों पर रेड की। अभियान में लगभग 150 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध ठिकानों की गहन तलाशी लेते हुए नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ा संदेश देने का प्रयास किया।
डीएसपी रजत गुलिया ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि रेड के दौरान गांव सारण निवासी सुभाष नामक व्यक्ति के घर से करीब 10 लाख 37 हजार 800 रुपये की नगदी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, संबंधित व्यक्ति बेरोजगार है और कोई नियमित काम नहीं करता। इसके अलावा घर से 60 हजार रुपये की पुरानी बंद हो चुकी करेंसी भी मिली, जिसमें 500 और 1000 रुपये के नोट शामिल हैं।
डीएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संबंधित युवक कथित तौर पर नशे के कारोबार से जुड़ा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और बरामद रकम के स्रोत की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

