रायपुर। माहेश्वरी महिला समिति, गोपाल मंदिर द्वारा स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर वीर जवानों के शौर्य, साहस एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण को समर्पित विशेष कार्यक्रम “ऑपरेशन सिंदूर – शौर्य से शांति तक” का भव्य एवं सफल आयोजन विमतारा हॉल, शांति नगर में किया गया।
यह भी पढ़ें : 80th Independence Day : लल्लूराम डॉट कॉम के दफ्तर में आजादी की धूम, राष्ट्रभक्ति के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम में भारतीय सेना के अदम्य साहस एवं देश की रक्षा में उनके अमूल्य योगदान को नमन किया गया। विभिन्न देशभक्ति प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों को देशभक्ति की भावना से भावविभोर कर दिया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्योति राठी, माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष राजेश तापड़िया एवं महामंत्री आलोक बागड़ी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की विशेष गरिमा कारगिल युद्ध के योद्धा श्री आलोक जी वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति से बढ़ी। उनके उद्बोधन एवं उपस्थिति ने सभी सदस्यों में वीर सैनिकों के प्रति सम्मान और गर्व की भावना को और प्रबल किया।

कार्यक्रम की प्रचार-प्रसार प्रमुख शशि मोहता ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारतीय वीर जवानों के शौर्य और बलिदान को नमन करने के साथ-साथ समाज में राष्ट्रप्रेम, एकता एवं शांति की भावना को प्रबल करना था। कार्यक्रम में लगभग 35 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं सदस्यों ने वीर सैनिकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और शांति का संदेश दिया। सभी अतिथियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए आयोजन की सफलता के लिए समिति को शुभकामनाएँ दीं।

कार्यक्रम की सफलता में अध्यक्ष कल्पना राठी, सचिव भावना मरदा, कार्यक्रम संयोजिका प्रतिभा नत्थानी एवं रमा मल्ल, तकनीकी संयोजिका नीना राठी तथा समस्त कार्यकारिणी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं वीर जवानों को नमन के साथ हुआ।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


