संजीव, सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत स्थित राई में मौजूद देश की जानी-मानी हरियाणा खेल विश्वविद्यालय (हरियाणा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी) में नए सत्र के लिए एडमिशन की प्रक्रिया तेजी से चल रही है. यूनिवर्सिटी के कुलपति अशोक कुमार ने बताया कि युवाओं के भारी अनुरोध को देखते हुए अब ऑनलाइन आवेदन करने की आखिरी तारीख को बढ़ाकर 8 जुलाई 2026 कर दिया गया है. खेल जगत में अपना करियर बनाने की चाहत रखने वाले छात्र यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर जल्द से जल्द फॉर्म भर सकते हैं. खास बात यह है कि इस बार एडमिशन की रेस में मुकाबला पिछले साल के मुकाबले काफी कड़ा होने वाला है, क्योंकि अभी तक ही 30 अलग-अलग कोर्स के लिए करीब 930 आवेदन आ चुके हैं.

एथलेटिक्स का सबसे ज्यादा क्रेज

इस साल सबसे ज्यादा आवेदन एथलेटिक्स डिप्लोमा कोर्स के लिए आए हैं, जिनकी संख्या 100 के करीब पहुंचने वाली है. इसकी वजह यह है कि यूनिवर्सिटी में कूदने, दौड़ने और गोला फेंकने (जंपिंग, रनिंग और थ्रोइंग) जैसी अलग-अलग खेलों की विधाओं के लिए स्पेशल कोच मौजूद हैं. इसके अलावा, ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा की बड़ी कामयाबियों ने भी युवाओं को एथलेटिक्स की तरफ सबसे ज्यादा आकर्षित किया है. इसके साथ ही स्नातक (ग्रेजुएशन) स्तर के कोर्स जैसे बीपीईएस और बीएससी स्पोर्ट्स साइंस के लिए भी छात्रों में भारी क्रेज है और इनके लिए अब तक 350 से ज्यादा आवेदन मिल चुके हैं. इसके अलावा बॉक्सिंग, कबड्डी, शूटिंग, हॉकी और कुश्ती जैसे कोर्स में भी भारी उत्साह है.

दाखिले की रेस में लड़कियों ने भी मारी बाजी

यूनिवर्सिटी से मिले आंकड़ों के अनुसार, इस साल कुल आवेदनों में से करीब 28 प्रतिशत आवेदन महिला खिलाड़ियों के हैं, जो खेल शिक्षा में लड़कियों की बढ़ती दिलचस्पी को दिखाता है. कुल फॉर्म में से 70 फीसदी आवेदन अकेले हरियाणा के युवाओं के हैं, जबकि बाकी 30 फीसदी देश के दूसरे राज्यों से आए हैं. पिछले साल करीब 750 छात्रों के नामांकन के साथ यह यूनिवर्सिटी खेल के क्षेत्र में देश का तीसरा सबसे बड़ा संस्थान बनकर उभरा था. यूनिवर्सिटी प्रशासन के मुताबिक, आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 14 जुलाई को बीपीईएस की प्रवेश परीक्षा होगी. इसके बाद 15 से 18 जुलाई के बीच अलग-अलग पीजी डिप्लोमा और स्पोर्ट्स साइंस कोर्स के लिए लिखित और शारीरिक टेस्ट लिए जाएंगे. आवेदकों के एडमिट कार्ड उनकी ईमेल आईडी पर भेजे जाएंगे.