कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़।हरियाणा कांग्रेस के नए प्रदेश प्रभारी संजय दत्त अब संगठन की नब्ज टटोलने के मिशन पर उतर रहे हैं। कार्यभार संभालने के साथ ही उन्होंने प्रदेश के नेताओं, पदाधिकारियों और जमीनी कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद का कार्यक्रम तय कर लिया है।

दो दिनों तक चलने वाली इस बैठक को संगठन को एकजुट करने और भविष्य की रणनीति तय करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। पार्टी के सभी स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने के साथ आगे की कार्ययोजना पर भी चर्चा होगी।

जारी टूर कार्यक्रम के अनुसार, हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त 30 जून और 1 जुलाई 2026 को नई दिल्ली स्थित एआईसीसी मुख्यालय, इंदिरा भवन में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। दोनों दिन सुबह 10 बजे से शाम तक अलग-अलग चरणों में बैठकें आयोजित होंगी।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, इन बैठकों का उद्देश्य संगठन को और मजबूत करना, कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित करना तथा आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर सुझाव लेना है। माना जा रहा है कि संजय दत्त अपनी पहली संगठनात्मक बैठकों में प्रदेश कांग्रेस की मौजूदा स्थिति, कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं और भविष्य की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा करेंगे। इसके बाद उनके हरियाणा दौरे का विस्तृत कार्यक्रम अलग से जारी किया जाएगा।