लोहरदगा। शहर में उस वक्त बड़ा हादसा टल गया, जब एक बेकाबू खाली बाक्साइट ट्रक सड़क किनारे लगे बिजली के कई पोल को तोड़ता हुआ आगे बढ़ गया। घटना ब्लॉक मोड़ के पास की है, जहां ट्रक ने पहले एक बिजली पोल को अपनी चपेट में लिया और इसके बाद एक के बाद एक कई पोल क्षतिग्रस्त कर दिए।
ट्रक में फंसा पोल, डेढ़ किलोमीटर तक घसीटा
बताया जा रहा है कि ट्रक संख्या जेएच08-एफ 4329 की टक्कर से एक बिजली पोल ट्रक में फंस गया। इसके बावजूद चालक ने ट्रक नहीं रोका और करीब डेढ़ किलोमीटर तक पोल को सड़क पर घसीटता रहा।
सड़क पर फैले बिजली के तार, मची अफरातफरी
ट्रक के आगे बढ़ने के दौरान बिजली के तार सड़क पर फैल गए। इससे मार्ग पर अचानक अफरातफरी मच गई और राहगीरों के बीच दहशत का माहौल बन गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
घटना के बाद बिजली विभाग और संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। मामले में ट्रक चालक की लापरवाही और घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।



