सोनीपत। लगातार बारिश के बीच सीवरेज जाम और जलभराव की समस्या से नाराज पार्षदों और स्थानीय लोगों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। आक्रोशित पार्षदों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नगर निगम के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया, जिससे निगम का कामकाज करीब आधे घंटे तक प्रभावित रहा।
हंगामे के बीच मौके पर पहुंचे विधायक
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही सोनीपत के विधायक निखिल मदान मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया और नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार को तत्काल मौके पर बुलाया। विधायक के हस्तक्षेप के बाद करीब आधे घंटे से बंद निगम कार्यालय का ताला खुलवाया गया।
अधिकारियों और एजेंसियों को लगाई फटकार
ताला खुलने के बाद विधायक निखिल मदान ने नगर निगम आयुक्त, मेयर और प्रदर्शन कर रहे पार्षदों के साथ आपात बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कड़ी फटकार लगाई।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सीवरेज जाम, जलभराव और अन्य मूलभूत समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनता को परेशानी हुई तो होगी कार्रवाई
विधायक ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि लापरवाही के कारण आम लोगों को परेशानी हुई तो संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जलनिकासी व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने और लोगों की समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

