अमेरिकी विमानवाहक पोत USS Abraham Lincoln पर तैनात नौसैनिकों को लंबे समय से जारी तैनाती के बीच मानसिक और शारीरिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है। रिपोर्टों के मुताबिक, जहाज पर तैनात 6 अमेरिकी सैन्यकर्मियों ने समुद्र में कूदने की कोशिश की। इस घटना ने लंबे मिशन के दौरान सैनिकों की मानसिक सेहत और जहाज पर उपलब्ध सुविधाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
250 से ज्यादा दिन से लगातार समुद्र में वॉरशिप
USS Abraham Lincoln 21 नवंबर 2025 को सैन डिएगो से रवाना हुआ था। शुरुआत में इसका मिशन प्रशांत क्षेत्र में जाना था, लेकिन इजराइल-ईरान संघर्ष के बाद इसे पश्चिम एशिया की ओर भेज दिया गया।
इसकी तैनाती मई 2026 में खत्म होनी थी, लेकिन मिशन को कई बार बढ़ाया गया। रिपोर्टों के अनुसार, जहाज 250 से ज्यादा दिनों तक बिना किसी पोर्ट पर रुके समुद्र में रहा है। जहाज पर करीब 5,000 अमेरिकी सैन्यकर्मी तैनात हैं।
खाने और बुनियादी सुविधाओं को लेकर शिकायतें
लंबी तैनाती के साथ जहाज की सुविधाओं को लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं। कैलिफोर्निया के सांसद माइक लेविन ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि सैनिकों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इनमें शावर में फफूंद, खराब टॉयलेट, कई हफ्तों तक बंद लॉन्ड्री, गर्म पानी की कमी और जरूरी सामान की कमी जैसी शिकायतें शामिल हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि एक समय सैनिकों को खाने में सिर्फ आधा कप चावल दिया गया।
रक्षा मंत्री ने रिपोर्टों को बताया फेक न्यूज
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने जहाज पर खराब हालात की रिपोर्टों को खारिज करते हुए इन्हें फेक न्यूज बताया। इसके बाद सांसद लेविन ने सरकार पर सैनिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में नाकाम रहने का आरोप लगाया।
परिवारों ने भी जताई गंभीर चिंता
सैन डिएगो में आयोजित एक टाउन हॉल में करीब 200 सैन्य परिवारों ने नौसेना नेतृत्व के सामने अपनी चिंताएं रखीं। एक महिला ने बताया कि उसके पति ने मैसेज कर कहा था कि वह उम्मीद करता है कि अगली सुबह उसकी आंख न खुले। इन घटनाओं ने लंबी सैन्य तैनाती, सैनिकों की मानसिक सेहत और अमेरिकी नौसेना की तैयारियों को लेकर बहस तेज कर दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


