सतीष दुबे, डबरा। धनतेरस पर्व पर ग्वालियर जिले के डबरा अंतर्गत पिछोर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। प्रेमपुरा के पास रेत से ओवरलोड भरे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार चाचा-भतीजे को रौंदते हुए उनके ऊपर ही पलट गया। हादसे में रेत और ट्रॉली के नीचे दबने से 28 वर्षीय चाचा और उनके 7 वर्षीय भतीजे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस की असंवेदनशीलता और थाना प्रभारी के अड़ियल रवैये से आक्रोशित परिजनों ने शवों को नेशनल हाईवे-44 पर रखकर करीब 3 घंटे तक चक्काजाम कर दिया।
रेत के नीचे दबने से गई जान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इकौना गांव निवासी नवाब खटीक (उम्र 28 वर्ष) अपने 7 वर्षीय भतीजे राज के साथ मोटरसाइकिल से पिछोर दवाई लेने आए थे। प्रेमपुरा के पास तेज रफ्तार और अवैध रेत से ओवरलोड भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने लापरवाही से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर बाइक सवारों पर ही पलट गई। हादसे के बाद दोनों चाचा-भतीजा रेत और भारी-भरकम ट्रॉली के नीचे दब गए। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी (JCB) मशीन की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटवाकर दोनों के शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
7 नवंबर महाकाल भस्म आरती: मस्तक पर चंद्र, त्रिशूल और आभूषणों से बाबा का भव्य श्रृंगार,
थाना प्रभारी के बयान से बढ़ा आक्रोश
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण पिछोर थाने पहुंचे, जहां माहौल गरमा गया। थाने में परिजनों ने स्थानीय पुलिस और थाना प्रभारी पर अवैध रेत कारोबारियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। इस पर थाना प्रभारी (TI) शिवम राजावत भड़क उठे और परिजनों से कहा— “जाओ जहाँ शिकायत करनी है कर दो, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता।” मौके पर SDOP सौरभ कुमार भी मौजूद थे, लेकिन अधिकारी के इस रवैये से परिजनों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।
3 घंटे ठप रहा नेशनल हाईवे-44
प्रशासनिक लापरवाही और टीआई की अभद्रता के विरोध में परिजनों ने शवों को NH-44 (सिमरिया टेकरी) पर रखकर चक्काजाम कर दिया। धनतेरस के त्योहारी सीजन में हाईवे पर करीब 3 घंटे तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और यात्री परेशान होते रहे। हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए एंबुलेंस को निकलने का रास्ता दिया।
मध्य प्रदेश में अब बढ़ेगी सर्दी की ठिठुरन: दिवाली के बाद तेजी से गिरेगा पारे का ग्राफ;
एएसपी के आश्वासन के बाद खुला जाम
घटना के बाद कई घंटों तक पिछोर थाने में हंगामा होता रहा, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर भारी लापरवाही देखने को मिली। डबरा एसडीएम (SDM) नवकिरण कौर भी कई घंटे बाद तब पहुंचीं जब मामला हाईवे तक पहुंच गया। परिजनों ने मृतक नवाब खटीक की पत्नी को शासकीय नौकरी, उचित मुआवजा, ट्रैक्टर मालिक पर कड़ी कार्रवाई और रेत माफियाओं से साठगांठ रखने वाले थाना प्रभारी शिवम राजावत को तत्काल हटाने की मांग की।
MP पुलिस आरक्षक भर्ती में युवाओं की भारी भीड़: इंजीनियर और PhD धारकों ने भी किए आवेदन,
हंगामे की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) जयराज कुबेर मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझा-बुझाकर सभी जायज मांगों पर कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया, जिसके बाद देर रात जाम खोला जा सका और यातायात बहाल हुआ। ट्रैक्टर के मालिक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और फरार चालक की तलाश में दबिश दी जा रही है। वहीं, थाना प्रभारी शिवम राजावत के व्यवहार और आरोपों को लेकर विभागीय जांच कराने की बात कही गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

