बाराबंकी. उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में PAC में तैनात जवान देवेंद्र गुप्ता ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर बैरक, खाने, सफाई व्यवस्था और छुट्टियों को लेकर सवाल उठाए हैं. देवेंद्र का दावा है कि PAC जवानों को कई बार ऐसी जगहों पर रखा जाता है, जहां साफ पानी और बिजली तक की सुविधा नहीं होती. उन्होंने रहने की स्थिति की तुलना तबेले से करते हुए कहा कि जवानों को टॉयलेट तक खुद साफ करने पड़ते हैं.

इसे भी पढ़ें- अमरोहाः दारोगा-सिपाही और CRPF के जवानों ने फार्म हाउस में युवती से किया गैंगरेप, 4 गिरफ्तार

देवेंद्र के मुताबिक, बाराबंकी में PAC की 9 कंपनियों में करीब 1100 जवान तैनात हैं. उनका आरोप है कि ड्यूटी के दौरान जवानों को अलग-अलग जिलों में भेजा जाता है, लेकिन कई जगह रहने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होती. उन्होंने सोशल मीडिया पर बैरक और खाने की तस्वीरें-वीडियो भी साझा किए हैं.

देवेंद्र ने दावा किया कि PAC के जवानों को शहर की सबसे जर्जर और खराब बिल्डिंग में रखा जाता है. दिन में मच्छर काटते हैं, बिस्तर पर जहरीले सांप आ जाते हैं. कमरे में चूहे, बिल्ली और बंदर घुस आते हैं. आगे कहा कि हमारी जान और हमारे सामान की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं है.

‘एक भी सिपाही खुश नहीं, कार्रवाई के डर से चुप’

देवेंद्र का दावा है कि जवान अपनी समस्याएं खुलकर नहीं बता पाते, क्योंकि उन्हें निलंबन या विभागीय कार्रवाई का डर रहता है. उनका कहना है कि अधिकारी जवानों की वर्दी और बेल्ट की जांच तो करते हैं, लेकिन बैरकों की स्थिति और मूलभूत सुविधाओं की जांच नहीं होती. उन्होंने बजट को लेकर भी सवाल उठाए हैं.

पिता बनने पर छुट्टी नहीं मिलने का दावा

देवेंद्र ने बताया कि उनकी पत्नी ने इसी महीने बच्चे को जन्म दिया. उनका कहना है कि उन्होंने 15 सितंबर को पितृत्व अवकाश के लिए आवेदन किया था, लेकिन इसे मंजूर नहीं किया गया. वहीं, PAC बाराबंकी की ओर से बताया गया कि देवेंद्र इस साल 25 अर्न्ड लीव और 19 कैजुअल लीव पहले ही ले चुके हैं. देवेंद्र का कहना है कि उनकी छुट्टियों को पिछले तीन साल के रिकॉर्ड के साथ देखा जाना चाहिए.

PAC की सफाई, हर महीने होती है वेलफेयर बैठक

PAC बाराबंकी की ओर से सोशल मीडिया पर जवाब देते हुए कहा गया कि जवानों की समस्याओं के समाधान के लिए हर महीने वेलफेयर बैठक आयोजित की जाती है और अधिकारियों से बातचीत कर समस्याएं सुलझाई जाती हैं. देवेंद्र का आरोप है कि इन बैठकों में जमीनी स्तर के जवानों की जगह बटालियन प्रभारी शामिल होते हैं और वास्तविक समस्याएं सामने नहीं आ पातीं.

इसे भी पढ़ें- गोरखपुर में अचानक 400 किन्नर पहुंचे गए थाने, हंगामे के बाद बुुलानी पड़ी फोर्स

VIDEO के जरिए मुख्यमंत्री से लगाई गुहार

देवेंद्र ने 22 सितंबर को करीब 6 मिनट 42 सेकेंड का वीडियो जारी किया. इसमें उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से PAC जवानों की समस्याओं का समाधान कराने की अपील की. उन्होंने कहा कि जवान धूप, ठंड और बारिश में चौबीसों घंटे ड्यूटी करते हैं और व्यवस्था में सुधार की जरूरत है. वीडियो के बाद कई पुलिसकर्मियों ने भी कमेंट कर अपनी बैरकों और व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याएं साझा की हैं.