गणतंत्र दिवस 2027 के पद्म पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक विजेता राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर आगामी 31 जुलाई तक आवेदन जमा कर सकते हैं।

सुमन चौहान, करनाल। उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि गणतंत्र दिवस 2027 पर घोषित किए जाने वाले देश के प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन और सिफारिशों के आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल (https://awards.gov.in/) पर आगामी 31 जुलाई तक ऑनलाइन माध्यम से आसानी से आवेदन किए जा सकते हैं। इस बार भी देश के सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में शामिल पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री पुरस्कारों के लिए योग्य व असाधारण कार्य करने वाले नागरिकों को चुना जाएगा। इस प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रशासन ने सभी नियमों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी है ताकि आवेदन सही ढंग से सबमिट हो सके।

पद्म पुरस्कारों के लिए जरूरी नियम

उन्होंने बताया कि पुरस्कार के लिए नामांकन करने वाले व्यक्ति को अधिकतम 800 शब्दों का एक विस्तृत व्याख्यात्मक प्रशस्ति-पत्र भी जमा करना होगा। इस प्रशस्ति-पत्र में अनुशंसित किए जा रहे व्यक्ति की संबंधित क्षेत्र या विषय में हासिल की गई विशिष्ट और अन्य बेहतरीन उपलब्धियों या देशसेवाओं का स्पष्ट रूप से उल्लेख किया जाना अनिवार्य है। वर्ष 1954 में स्थापित किए गए ये पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में से एक माने जाते हैं। प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी इन सभी श्रेणियों के पुरस्कारों की आधिकारिक घोषणा गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर गरिमापूर्ण तरीके से की जाएगी, जिसके लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

इन क्षेत्रों में मिलता है सम्मान

यह नागरिक पुरस्कार कला, साहित्य, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान, इंजीनियरिंग, सार्वजनिक मामलों, नागरिक सेवाओं, व्यापार और उद्योग जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों के लिए प्रदान किए जाते हैं। जाति, व्यवसाय, पद या लैंगिक भेदभाव के बिना सभी व्यक्ति इन पुरस्कारों के लिए पूरी तरह पात्र हैं। हालांकि, डॉक्टर और वैज्ञानिकों को छोडक़र सार्वजनिक उपक्रमों में काम करने वाले सभी सरकारी कर्मचारी पद्म पुरस्कार के लिए पात्र नहीं माने जाते हैं। इस संबंध में पात्रता और शर्तों का पूरा विवरण आधिकारिक वेबसाइट padmaawards.gov.in पर जाकर देखा जा सकता है, जहां विस्तृत दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए गए हैं।