पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में हिंदुओं के अधिकारों के लिए काम करने वाले एक संगठन ने जागरूकता अभियान शुरू करने की घोषणा की है. ऑल बाल्मिक हिंदू कम्युनिटी खैबर पख्तूनख्वा (ABHCKP) ने पूरे प्रांत में अभियान चलाने का ऐलान किया है. ABHCKP ने UN समेत अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से भी समर्थन मांगा है.
इसका मकसद प्रांतीय सरकार से यह मांग करना है कि वह अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए सभी संवैधानिक गारंटी को लागू करे. ABHCKP का कहना है कि अब भी कानूनी सुरक्षा और समान अवसरों से जुड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है.
ABHCKP की बैठक कोहाट जिले में सम्पन्न हुई जहां अल्पसंख्यक अधिकारों के प्रमुख कार्यकर्ता हारून सरब दयाल को शनिवार को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया. इस बैठक में खैबर पख्तूनख्वा के अलग-अलग इलाकों से समुदाय के प्रतिनिधि, धार्मिक गुरु, वकील, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक, कारोबारी और युवा शामिल हुए.
55 वर्षीय दयाल पाकिस्तान हिंदू मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य हैं, जो संघीय धार्मिक मामलों के मंत्रालय के अधीन कार्य करती है. समुदाय ने खैबर पख्तूनख्वा सरकार से संवैधानिक गारंटी के पूर्ण कार्यान्वयन की भी मांग की, जो मौलिक अधिकारों और अल्पसंख्यकों की रक्षा से संबंधित है.
ABHCKP संगठन का कहना है कि संविधान में अल्पसंख्यकों को मिले अधिकार पूरी तरह लागू किए जाएं. उन्होंने अल्पसंख्यक व मानवाधिकारों से संबंधित पाकिस्तान के संविधान के अनुच्छेद 9, 10, 20, 25, 27 व 36 का कार्यान्वयन सुनिश्चित करने का कहा है.
सूत्रों के मुताबिक, हरून सरब दयाल ने बताया कि अब पूरे प्रांत में लोगों तक पहुंचने के लिए अभियान चलाया जाएगा. इसके तहत युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर रहेगा. 2023 की जनगणना के अनुसार खैबर पख्तूनख्वा में हिंदुओं की आबादी करीब 5,090 है. 1947 के बंटवारे के बाद यहां हिंदुओं की संख्या में बड़ी कमी आई थी.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


