पाकुड़। लगातार हो रही बारिश ने पाकुड़ को पश्चिम बंगाल से जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर एक बार फिर संकट खड़ा कर दिया है। पुठीमारी पलटन ब्रिज के पास सड़क दोनों ओर से धंस गई है। सड़क क्षतिग्रस्त होने के बाद बड़े वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। वहीं बाइक और टोटो चालक जोखिम उठाकर किसी तरह रास्ता पार कर रहे हैं।
सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार
मुख्य मार्ग बाधित होने के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई है। इस स्थिति से आम यात्रियों के साथ-साथ मरीजों को भी परेशानी हो रही है। इलाज के लिए पश्चिम बंगाल जाने वाली एंबुलेंस को भी क्षतिग्रस्त सड़क के कारण रास्ता पार करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
तेज बहाव से धंस गई सड़क
स्थानीय लोगों के अनुसार पलटन ब्रिज काफी पुराना है। लगातार बारिश के बीच गंगा का जलस्तर बढ़ने और पानी के तेज बहाव के कारण पुल के दोनों तरफ की सड़क धंस गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण करीब दो सप्ताह तक आवागमन प्रभावित रहा था। मरम्मत के बाद रास्ता चालू हुआ, लेकिन लगातार बारिश के कारण एक बार फिर सड़क धंसने की समस्या सामने आ गई है।
पत्थर कारोबार पर भी पड़ेगा असर
पाकुड़ और पश्चिम बंगाल के बीच व्यापारिक गतिविधियों के लिए यह मार्ग बेहद महत्वपूर्ण है। सड़क पर आवागमन बाधित होने से कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है।
खासकर पाकुड़ के पत्थर कारोबार पर इसका सीधा असर पड़ने की आशंका है। पाकुड़ से स्टोन चिप्स लदे सैकड़ों वाहन इसी मार्ग से पश्चिम बंगाल के अलग-अलग इलाकों तक पहुंचते हैं। मार्ग लंबे समय तक बंद रहा तो माल ढुलाई प्रभावित होने के साथ कारोबारियों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है।
बारिश ने बढ़ाई परेशानी
बारिश के कारण सड़क धंसने की घटना ने एक बार फिर इस महत्वपूर्ण मार्ग की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल बड़े वाहनों की आवाजाही बाधित है और स्थानीय लोग जल्द सड़क की मरम्मत कर आवागमन बहाल करने की मांग कर रहे हैं।



