सपा विधायक पल्लवी पटेल ने प्रयागराज के हटवा गांव पहुंचकर अतीक अहमद के बेटे अहजम और परिवार से मुलाकात की. उन्होंने अबान की मौत पर शोक जताते हुए कहा कि अतीक ने उनके पिता सोनेलाल पटेल का मुश्किल वक्त में साथ दिया था.

प्रयागराज. कौशांबी के सिराथू से समाजवादी पार्टी की विधायक पल्लवी पटेल शनिवार को प्रयागराज के हटवा गांव पहुंचीं. यहां उन्होंने माफिया अतीक अहमद की बहन के घर जाकर अतीक के बेटे अहजम, परिवार और रिश्तेदारों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने अबान की मौत पर शोक जताते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया.

परिवार से मुलाकात

पल्लवी पटेल ने कहा कि दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़ा होना उनका फर्ज है. उन्होंने बताया कि जब उनके पिता सोनेलाल पटेल मुश्किल दौर से गुजर रहे थे, तब अतीक अहमद ने उनका साथ दिया था.

पल्लवी ने कहा कि अब अतीक के परिवार में बेटे की मौत से दुख का माहौल है, इसलिए वह उनसे मिलने पहुंचीं. वह कुछ देर तक परिवार के सदस्यों के साथ रहीं और घटना पर संवेदना व्यक्त की.

परवीन से भी मिलीं

पल्लवी पटेल ने अतीक अहमद की बहन परवीन कुरैशी से भी मुलाकात की और अबान की मौत पर परिवार को सांत्वना दी. उन्होंने अतीक के भाई अशरफ के बच्चों से भी बातचीत की.

पल्लवी ने कहा कि अतीक अहमद और उनके पिता सोनेलाल पटेल के बीच गहरे संबंध थे. उन्होंने यह भी कहा कि अतीक उनकी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रहे थे और चुनाव जीतकर जनप्रतिनिधि भी बने थे.

राजनीतिक नजरिए से न देखें

पल्लवी पटेल की अतीक के बेटे अहजम से मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जा रहे हैं. इस मुलाकात को कुछ लोग मानवीय संवेदना से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ इसे राजनीतिक नजरिए से देख रहे हैं.

पल्लवी पटेल ने कहा कि परिवार में इतनी बड़ी गमी हुई है और ऐसे समय में उनसे मिलने में कोई हर्ज नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि मुलाकात का उद्देश्य परिवार को ढांढस और तसल्ली देना था तथा इसे राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए.

सड़क हादसे में मौत

गौरतलब है कि पिछले दिनों माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी. वह झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली से मिलने जा रहा था. हादसे के बाद से परिवार में शोक का माहौल है.