पलवल जिला पुलिस की एवीटी स्टाफ हथीन टीम ने धीरनकी रोड से एक अवैध देसी कट्टे के साथ बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हथियार सप्लाई करने वाले उसके मुख्य साथी को भी गुरुग्राम से दबोच लिया।

दीपक भारद्वाज,पलवल। के पुलिस अधीक्षक श्री नीतीश अग्रवाल (आईपीएस) के कुशल नेतृत्व में जिला पुलिस द्वारा अवैध हथियार धारकों की धरपकड़ के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी मुहिम के अंतर्गत एंटी व्हीकल थेफ्ट (AVT) स्टाफ हथीन की टीम ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर धीरनकी रोड से एक शातिर बदमाश को अवैध देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। इसके बाद पकड़े गए आरोपी से गहन पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मुख्य हथियार सप्लायर को भी गुरुग्राम से दबोच लिया, जिसके बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

सीआईए (एवीटी) हथीन के प्रभारी पी/एसआई दीपक गुलिया ने बताया कि 23 मई 2026 को एवीटी स्टाफ हथीन के सब-इंस्पेक्टर (SI) मोहम्मद यासिर अपनी टीम के साथ गश्त के दौरान धीरनकी से हथीन रोड नाले के पास मौजूद थे। इसी दौरान एक मुखबिर ने सूचना दी कि धीरनकी निवासी परवेज अपने पास अवैध देसी कट्टा रखता है और वह मेवात मॉडर्न स्कूल धीरनकी रोड के सामने खड़ा है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी तेज कदमों से भागने लगा, लेकिन मुस्तैद टीम ने उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ, जिसका वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।

गुरुग्राम से पकड़ा गया मुख्य हथियार सप्लायर

प्रभारी ने बताया कि बरामद अवैध हथियार को कब्जे में लेकर हथीन थाना में आरोपी परवेज के खिलाफ शस्त्र अधिनियम (आर्म्स एक्ट) के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद जब आरोपी से गहनता से पूछताछ की गई, तो उसने खुलासा किया कि उसने यह देसी कट्टा तोफीक (निवासी गांव देवसेरस, गोवर्धन, मथुरा; हाल निवासी साँचोली, सोहना, गुरुग्राम) से खरीदा था। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एवीटी स्टाफ ने 24 मई 2026 को आरोपी सप्लायर तोफीक को भी गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी परवेज पर पहले से वाहन चोरी व आर्म्स एक्ट के 9 मुकदमे तथा तोफीक पर धोखाधड़ी के 2 मामले दर्ज हैं।