मैनपुरी. हरियाणा के पलवल में कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया. यादवपुर गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी पिकअप खड़े ट्रक से जा भिड़की. हादसे में उत्तर प्रदेश के मैनपुरी निवासी छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 16 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. घायलों को पलवल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश का बड़ा आरोप: चुनाव से पहले वोटर लिस्ट में खेल करेगी BJP? कार्यकर्ताओं को दिया ये टास्क
खाटू श्याम और बालाजी के दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु
बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु मैनपुरी जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे. रक्षाबंधन के मौके पर धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए निकले श्रद्धालुओं ने राजस्थान में खाटू श्याम और बालाजी के दर्शन किए थे. इसके बाद उनकी वृंदावन और बरसाना जाने की योजना थी. इसी दौरान KMP एक्सप्रेसवे पर उनकी पिकअप दुर्घटना का शिकार हो गई.
खड़े ट्रक से टकराई पिकअप, मौके पर मची चीख-पुकार
हादसा यादवपुर गांव के पास हुआ. शुरु्आती जानकारी के मुताबिक पिकअप चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ और सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया. हालांकि पुलिस का कहना है कि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.
पांच की मौके पर मौत, महिला ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे में विजय सिंह, राजकुमार, रेशमा देवी, कमला देवी और महेश की मौत हुई है. वहीं सुधा नाम की महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. मृतकों में दो महिलाएं और चार पुरुष बताए गए हैं. घायलों में कई लोगों का इलाज जिला नागरिक अस्पताल में चल रहा है.
दोनों वाहन चालकों के फरार होने की सूचना
घटना के बाद पिकअप और ट्रक के चालक फरार बताए जा रहे हैं. पलवल थाना प्रभारी हरिकिशन के अनुसार पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और वाहन चालक की लापरवाही की क्या भूमिका थी. हादसे के बाद मैनपुरी के उन गांवों में भी मातम पसरा है, जहां से श्रद्धालु धार्मिक यात्रा पर निकले थे. एक साथ कई लोगों की मौत की खबर से परिवारों में कोहराम मचा हुआ है.



