पलवल क्राइम ब्रांच ने कैंप थाना क्षेत्र में युवक से मारपीट का वीडियो वायरल होने के मामले में तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल गाड़ी, स्कूटी, दो हथौड़े, दो डंडे और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

दीपक भारद्वाज,पलवल। हरियाणा के पलवल जिला पुलिस ने कैंप थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो वायरल होने के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल (IPS) के कुशल निर्देशन में काम करते हुए क्राइम ब्रांच पलवल की टीम ने तत्परता दिखाई है। क्राइम ब्रांच प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस सनसनीखेज वारदात में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में प्रयुक्त गाड़ी, स्कूटी और घातक हथियार भी बरामद कर लिए हैं।

24 घंटे के भीतर धरे गए आरोपी

उप पुलिस अधीक्षक (क्राइम) अनिल कुमार ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह पूरी घटना 19 मई को घटित हुई थी। बसंत विहार कॉलोनी के रहने वाले पीड़ित सिकंदर डागर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ युवकों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की है। क्राइम ब्रांच पलवल की टीम ने त्वरित एक्शन लेते हुए मात्र 24 घंटे के अंदर ही, यानी 20 मई को चार मुख्य आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान परवीन, देवेंद्र उर्फ देवा (दोनों निवासी कृष्णा कॉलोनी, पलवल), बलराम उर्फ बल्लू और हरदेव उर्फ गोली (दोनों निवासी जोधपुर, पलवल) के रूप में हुई है।

रिमांड के दौरान हथियार और गाड़ियां बरामद

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर वारदात में इस्तेमाल हथियार और वाहन बरामद करने के लिए 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। डीएसपी क्राइम ने बताया कि रिमांड अवधि के दौरान गहन पूछताछ की गई। इस दौरान आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्विफ्ट गाड़ी, एक स्कूटी, दो हथौड़े, दो डंडे और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद आज सभी आरोपियों को दोबारा अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया गया है। डीएसपी ने सख्त लहजे में कहा कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।