पलवल पुलिस ने आपातकालीन नंबर 112 पर फायरिंग की फर्जी सूचना देने वाले आरोपी नरेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एसपी नीतीश अग्रवाल ने झूठी कॉल करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

दीपक भारद्वाज, पलवल। जिले में डायल 112 आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर पर झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने वालों के खिलाफ प्रशासनिक स्तर पर कड़ा शिकंजा कसना शुरू हो गया है। पुलिस प्रवक्ता कार्यालय से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक पलवल नीतीश अग्रवाल के सख्त निर्देशानुसार फर्जी कॉल करने वालों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कार्रवाई करते हुए थाना गदपुरी पुलिस ने आपातकालीन नंबर पर सुरक्षा एजेंसियों को गुमराह करने वाले एक आरोपी व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया है।

गोली लगने की सूचना पर दौड़ी पुलिस, जांच में खुला राज

थाना गदपुरी प्रभारी उप निरीक्षक कुलदीप सिंह ने घटना का विवरण देते हुए बताया कि दिनांक 22.05.2026 को दोपहर करीब 3:10 बजे कंट्रोल रूम पलवल से एक बेहद गंभीर सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया कि नरेंद्र बाल्यान नामक व्यक्ति ने मोबाइल नंबर 9350275028 से डायल 112 पर कॉल की है। उसने दावा किया कि गांव दुधौला में सिकंदरपुर रोड पर कुछ अज्ञात लड़कों ने अंधाधुंध फायरिंग की है और उसके साथी के पैर में गोली मार दी है। इस संवेदनशील सूचना पर थाना प्रभारी स्वयं पूरी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।

नशे में धुत आरोपी पुलिस को अलग-अलग रास्तों पर घुमाता रहा

घटनास्थल पर पहुंचने के बाद जब पुलिस टीम ने शिकायतकर्ता नरेंद्र के मोबाइल नंबर पर दोबारा संपर्क किया, तो वह बार-बार अपनी लोकेशन बदलता रहा। उसने पहले खुद को सिकंदरपुर रोड, फिर यूनिवर्सिटी रोड और बाद में पातली रोड पर होने की बात कही। जब पुलिस को संदेह हुआ तो साइबर सेल पलवल की तकनीकी मदद से उक्त मोबाइल नंबर की आईडी निकलवाई गई, जो उषा पत्नी नरेंद्र निवासी गांव खेडली की पाई गई। पुलिस टीम तुरंत खेडली गांव पहुंची, जहां नरेंद्र अपने मकान के आगे गली में नशे की हालत में घूमता हुआ मिल गया।

पुलिस का अमूल्य समय बर्बाद करने पर दर्ज हुआ मुकदमा

सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी नरेंद्र के मुंह से शराब की तेज बदबू आ रही थी और वह गोली लगने की झूठी कहानी पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। धरातल पर तस्दीक करने के बाद स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने बिना किसी घटना के केवल पुलिस को परेशान करने और अमूल्य समय बर्बाद करने के लिए यह झूठी कॉल की थी। पुलिस ने आरोपी नरेंद्र पुत्र मुखवीर निवासी गांव खेडला (थाना चांदहट, जिला पलवल) के विरुद्ध लोक सेवक के कर्तव्य में बाधा डालने पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 217 और 221 के तहत मामला दर्ज कर कोर्ट में कलंदा दाखिल करने की तैयारी कर ली है।

झूठी कॉल करने वालों के खिलाफ एसपी की जीरो टॉलरेंस नीति

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पलवल नीतीश अग्रवाल ने आमजन के नाम एक विशेष संदेश जारी किया है। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि “डायल 112 हेल्पलाइन सेवा केवल वास्तविक आपातकालीन स्थितियों में नागरिकों की त्वरित मदद के लिए बनाई गई है। इस पर झूठी कॉल कर पुलिस को गुमराह करना एक गंभीर दंडनीय अपराध है। ऐसे शरारती तत्वों के विरुद्ध पलवल पुलिस पूरी तरह जीरो टॉलरेंस नीति अपना रही है। आम जनता से अपील है कि वे हेल्पलाइन का दुरुपयोग न करें, ताकि जरूरतमंदों को समय पर मदद मिल सके।”