हरियाणा एसटीएफ की पलवल यूनिट ने नीरज फरीदपुरिया गैंग के 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी सोनू उर्फ प्रमोद समेत दो बदमाशों को पकड़ा है। पुलिस ने इनके पास से पांच अवैध हथियार और 230 कारतूस बरामद कर बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया।

पलवल। हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की पलवल टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ ने नीरज फरीदपुरिया गिरोह से जुड़े 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश सहित दो अवैध हथियार तस्करों को दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने कई अवैध असलहे और भारी संख्या में जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, ये अपराधी पलवल इलाके में एक संगीन वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे, जिसे पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया।

होडल से हत्थे चढ़ा इनामी बदमाश

डीएसपी प्रीतपाल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि इंस्पेक्टर अनिल छिल्लर की अगुवाई में एसटीएफ टीम ने 18 जुलाई को होडल क्षेत्र से सोनू उर्फ प्रमोद को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के बजौता का रहने वाला है। शुरुआती तलाशी में उसके पास से एक पिस्टल, एक रिवॉल्वर और 224 कारतूस मिले। इसके बाद अदालत से मिले तीन दिन के पुलिस रिमांड के दौरान उसकी निशानदेही पर एक विदेशी पीएक्स-3 हथियार, एक पिस्टल और एक देसी गन भी बरामद की गई। आरोपी से कुल मिलाकर 5 अवैध हथियार और 230 कारतूस जब्त किए गए हैं।

16 गंभीर मुकदमों में शामिल है सोनू

डीएसपी के अनुसार, सोनू उर्फ प्रमोद पर हरियाणा और यूपी के विभिन्न थानों में हत्या, जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट, रंगदारी और धमकियां देने जैसे 16 मामले दर्ज हैं। वह बुलंदशहर के काकोड़ थाने में दर्ज कत्ल के एक केस में लंबे समय से फरार चल रहा था, जिस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। जांच में इस बात का खुलासा हुआ है कि वह नीरज फरीदपुरिया गैंग का सक्रिय सदस्य है और गिरोह के लिए अवैध हथियारों का बंदोबस्त करता था।

बड़े अपराध की फिराक में थे बदमाश

पूछताछ में आरोपी से कई अहम जानकारियां मिली हैं और उसके कुछ अन्य सहयोगियों के नाम सामने आए हैं, जिनकी धरपकड़ के लिए पुलिस दबिश दे रही है। जांच में स्पष्ट हुआ कि आरोपी इन हथियारों की मदद से पलवल में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने वाले थे, लेकिन एसटीएफ की मुस्तैदी से योजना नाकाम हो गई।

दूसरा हथियार सप्लायर भी भेजा गया जेल

इसके अलावा, एसटीएफ ने चांदहट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मिल्कगनी गांव के निवासी ललित उर्फ ललती को भी प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि ललित भी हथियारों की तस्करी में लिप्त है। उस पर पलवल और फरीदाबाद में हत्या, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने तथा आर्म्स एक्ट के तहत कुल 16 मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।