पलवल। घर से महज 10-15 मिनट में लौटने की बात कहकर निकला 26 वर्षीय युवक अगली सुबह मृत मिला। युवक की स्कूटी पलवल के एपेक्स अस्पताल के पास मिली, जबकि वहीं एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना परिवार को फोन के जरिए मिली। पहचान होने के बाद परिजनों ने पुलिस से पोस्टमार्टम कराकर मौत की असली वजह सामने लाने की मांग की है।
मृतक की पहचान हर्ष के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, हर्ष 29 सितंबर की शाम करीब साढ़े 7 बजे स्कूटी लेकर घर से निकला था। उसने जल्द वापस आने की बात कही थी, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी वह घर नहीं पहुंचा। परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका मोबाइल फोन भी उसके पास नहीं था, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई।
रात बीतने के बाद बुधवार सुबह परिवार को फोन पर सूचना मिली कि एपेक्स अस्पताल के नजदीक एक स्कूटी खड़ी मिली है और पास ही एक व्यक्ति का शव भी पड़ा है। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। वहां मिले शव की पहचान हर्ष के रूप में की गई।
परिजनों ने थाना कैंप पलवल में शिकायत देकर मामले की जांच की मांग की है। उनका कहना है कि फिलहाल उन्हें किसी व्यक्ति पर संदेह नहीं है। परिवार चाहता है कि पोस्टमार्टम कराया जाए, ताकि यह पता चल सके कि हर्ष की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
अब पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं कि घर से थोड़ी देर में लौटने की बात कहकर निकला हर्ष आखिर अस्पताल के पास मृत अवस्था में कैसे पहुंचा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

